पुलिस ने बाइक चोर गिरोह का किया भंडाफोड़, नौ आरोपी गिरफ्तार, 12 मोटरसाइकिल बरामद

बरेली। बरेली-नैनीताल हाईवे पर गांव वसुपुरा ढाल के पास पुलिस ने बाइक चोरों के एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश किया है। थाना देवरनियां पुलिस ने एक खाली पड़े खंडहर से नौ शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से चोरी की 12 मोटरसाइकिलें, 12 चाबियों के गुच्छे, तीन मोबाइल फोन और छह हजार रुपये नकद बरामद किए है। पुलिस के अनुसार यह गिरोह बिना नंबर प्लेट की बाइकों से घूमकर वारदात करता था। चोरी की बाइकों को बाद में बेच दिया जाता था। पकड़े गए सभी अभियुक्त बरेली और उत्तराखंड के उधमसिंह नगर जिले के रहने वाले हैं। तीन अगस्त की रात इंस्पेक्टर आशुतोष द्विवेदी अपनी टीम के साथ बरेली-नैनीताल रोड पर चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान बिना नंबर प्लेट की एक बाइक पर सवार तीन संदिग्ध युवकों को रोका गया। युवकों ने भागने की कोशिश की लेकिन पुलिस की घेराबंदी के कारण वे सफल नहीं हो पाए। बहेड़ी के सीओ अरुण कुमार सिंह ने बताया कि पकड़े गए आरोपी काफी दिनों से अपने गिरोह के जरिये बाइक चोरी की वारदात को अंजाम दे रहे थे। उन्होंने बताया कि आरोपियों को जेल भेजा गया है। पकड़े गए अभियुक्तों ने पूछताछ में बताया कि वे कम पढ़े-लिखे हैं। मौज-मस्ती, नशा और पैसे की जरूरत के लिए बाइक चोरी करते थे। उनके पास मास्टर-की रहती थी जिससे बाइक आसानी से खोल लेते थे। चोरी के बाद बाइक को खंडहर में छिपाकर चेसिस नंबर मिटा देते थे। फिर फर्जी नंबर प्लेट लगाकर राह चलते लोगों को बेच देते थे। पुलिस की पूछताछ में बाइक चलाने वाले ने अपना नाम रोहित बताया। पीछे बैठे लोगों ने अपना नाम गोविंद और अशोक बताया। पुलिस ने मोबाइल ऐप के जरिये जांच की तो बाइक चोरी की निकली। यह बाइक जसपुर, उधमसिंह नगर थाने मे दर्ज मुकदमे से संबंधित थी। तीनों आरोपियों को थाने लाकर सख्ती से पूछताछ की गई। आरोपियों ने बताया कि उनका नौ लोगों का गिरोह है और वसुपुरा ढाल के पास खंडहर मे चोरी की बाइकें छिपाई है। इस सूचना पर पुलिस ने खंडहर पर छापा मारकर 11 और बाइकें बरामद की। मौके से रविंद्र, रवि, टीकाराम, रोहित, रवि और अरुण समेत छह अन्य अभियुक्तों को भी गिरफ्तार कर लिया गया।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *