61 की उम्र मे डॉक्टर ने उठाई पिस्टल, पहली ही प्रतियोगिता में गोल्ड पर साधा निशाना

बरेली। जनपद के वरिष्ठ यूरोलॉजिस्ट डॉ. नीरज अग्रवाल ने 61 वर्ष की उम्र में उन्होंने पिस्टल शूटिंग को अपनाया और बिना किसी पेशेवर प्रशिक्षण के अपनी पहली ही राज्य स्तरीय प्रतियोगिता मे स्वर्ण पदक जीतकर सबको चौंका दिया। उनकी इस उपलब्धि पर चिकित्सा जगत के साथ-साथ खेल प्रेमियों में भी उत्साह है। डीडीपुरम स्थित नीरज लाइफ केयर एंड स्टोन सेंटर के संचालक डॉ. नीरज अग्रवाल ने हाल ही में नोएडा के प्रो मैथिसियस कॉलेज में आयोजित राज्य स्तरीय शूटिंग प्रतियोगिता के सीनियर मास्टर वर्ग में हिस्सा लिया। पहली बार प्रतियोगिता में उतरे डॉ. नीरज ने बेहतरीन एकाग्रता, आत्मविश्वास और सटीक निशाने का प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम कर लिया। यूरोलॉजिस्ट डॉ. नीरज ने बताया कि बचपन से ही उनको शूटिंग का शौक था लेकिन पढ़ाई की व्यस्तता के कारण वह इसे पूरा नहीं कर पाए। अब पिछले कुछ महीने से वह शूटिंग के लिए नियमित समय निकालने लगे और अभ्यास शुरू किया। डॉ. नीरज अग्रवाल का कहना है कि शूटिंग अन्य खेलों से अलग है। इसमें केवल हाथों की मजबूती नहीं, बल्कि मानसिक संतुलन, धैर्य और एकाग्रता सबसे महत्वपूर्ण होती है। खिलाड़ी जितना शांत और स्थिर रहेगा, उसका निशाना उतना ही सटीक होगा। उन्होंने कहा कि अनुशासन और निरंतर अभ्यास ही सफलता की सबसे बड़ी कुंजी हैं। यदि सीखने की इच्छा और आत्मविश्वास हो तो किसी भी उम्र में नई शुरुआत कर बड़ी उपलब्धि हासिल की जा सकती है। राज्य स्तर पर सफलता के बाद अब उनका लक्ष्य देहरादून में आयोजित होने वाली ऑल इंडिया ओपन शूटिंग चैंपियनशिप में पदक जीतना है। इसके लिए वह इन दिनों बरेली रायफल क्लब में नियमित अभ्यास कर रहे हैं। डॉ. नीरज का कहना है कि राष्ट्रीय स्तर पर भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर बरेली का नाम रोशन करना उनकी प्राथमिकता है।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *