राजस्थान/बाड़मेर – जिला कलक्टर चिन्मयी गोपाल ने मंगलवार को सेड़वा में तहसील एवं पंचायत समिति कार्यालय का निरीक्षण किया l इस दौरान उन्होंने जन सुनवाई में आमजन की सैकड़ों समस्याएं सुनने के साथ संबंधित विभागीय अधिकारियों को त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए l
जिला कलक्टर चिन्मयी गोपाल ने सेड़वा पहुंचकर तहसील एवं पंचायत समिति कार्यालय का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र की प्रशासनिक व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए विभागीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए l इस दौरान जन सुनवाई में बड़ी संख्या में आमजन पहुंचे और उन्होंने अपनी विभिन्न समस्याओं को जिला कलक्टर के समक्ष रखा। जिला कलक्टर चिन्मयी गोपाल ने परिवेदनाओं को धैर्यपूर्वक सुना और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायतों का त्वरित निस्तारण कर आम लोगों को राहत पहुंचाई जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जन समस्याओं के समाधान में किसी प्रकार की देरी नहीं की जाए और हर शिकायत का समयबद्ध निपटारा सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य आमजन को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराना है, इसलिए जन सुनवाई में आए मामलों को प्राथमिकता के आधार पर हल किया जाए। निरीक्षण के दौरान उपखंड अधिकारी विकास शर्मा,तहसीलदार भूपेंद्र कुमार सेजू, विकास अधिकारी मुकेश परमार, जयप्रकाश शर्मा, राजस्व लेखाधिकारी झूमर लाल सोनी समेत विभिन्न विभागीय अधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान जिला कलक्टर ने अधिकारियों से क्षेत्र की विकास संबंधी गतिविधियों एवं जन सुविधाओं की स्थिति के बारे में जानकारी ली।
— राजस्थान से राजूचारण
