राष्ट्रीय सम्मान के बाद अभय गुप्ता बने ‘फरीदपुर यूथ आइकॉन’

डॉ. धर्मेंद्र कुमार ने किया सम्मानित, आशीष जौहरी बोले— युवा डिजिटल संसाधनों का करें सदुपयोग

बरेली/ फरीदपुर। ग्रामीण विकास मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा राष्ट्रीय सम्मान से सम्मानित होने पर फरीदपुर निवासी अभय गुप्ता का बीइंग स्पिरिचुअल फाउंडेशन, बरेली द्वारा मूनलाइट कैफे, फरीदपुर में भव्य सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम के आयोजक मगन लाल गुप्ता रहे। समारोह में क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक, समाजसेवी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान बीइंग स्पिरिचुअल फाउंडेशन के संस्थापक एवं आध्यात्मिक गुरु डॉ. धर्मेंद्र कुमार ने अभय गुप्ता को “फरीदपुर यूथ आइकॉन अवॉर्ड” से सम्मानित किया। उन्हें स्मृति-चिह्न भेंट कर संस्था की ओर से शुभकामनाएँ दी गईं। इस अवसर पर डॉ. धर्मेंद्र कुमार ने कहा कि इतनी कम उम्र में राष्ट्रीय स्तर का सम्मान प्राप्त करना अत्यंत गर्व और प्रेरणा का विषय है। उन्होंने कहा कि अभय गुप्ता ने अपने कार्यों से न केवल फरीदपुर, बल्कि पूरे जनपद का नाम रोशन किया है और वे युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं।

इस अवसर पर आध्यात्मिक दर्पण डिजिटल न्यूज़ के मुख्य संपादक एवं बीइंग स्पिरिचुअल फाउंडेशन की फरीदपुर इकाई के अध्यक्ष आशीष जौहरी ने अभय गुप्ता को बधाई देते हुए कहा कि आज का दौर डिजिटल क्रांति का युग है। ऐसे समय में युवाओं को मोबाइल और डिजिटल संसाधनों का सकारात्मक एवं रचनात्मक उपयोग करना चाहिए। उन्होंने कहा कि अभय गुप्ता इस बात का जीवंत उदाहरण हैं कि तकनीक का सही उपयोग व्यक्ति को राष्ट्रीय पहचान दिला सकता है। साथ ही उन्होंने अभिभावकों से अपने बच्चों को डिजिटल माध्यमों के जिम्मेदार एवं रचनात्मक उपयोग के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।

समारोह में विधायक पुत्र ईशान ग्वाल, पूर्व जिला महामंत्री भाजपा एवं पूर्व जिला पंचायत सदस्य अनिल राणा, लोक जनशक्ति पार्टी के प्रदेश सचिव राजा सेठ, बीइंग स्पिरिचुअल फाउंडेशन से जितेन्द्र सिसोदिया, बार एसोसिएशन फरीदपुर के अध्यक्ष जितेन्द्र चौहान सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

अभय गुप्ता के पिता रामसरन गुप्ता एवं माता किरण गुप्ता ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया। समारोह के अंत में उपस्थित सभी अतिथियों ने अभय गुप्ता के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि वे आगे भी अपने उत्कृष्ट कार्यों से समाज और राष्ट्र का गौरव बढ़ाते रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *