तीन गिरोह के 11 अपराधी माफिया घोषित, अब अवैध संपत्तियां होंगी जब्त

बरेली। जिले में संगठित अपराध पर नकेल के लिए पुलिस ने तीन गिरोह के 11 अपराधियों को माफिया घोषित किया है। इन सभी पर गोकशी, मादक पदार्थों की तस्करी, लूटपाट और समाज विरोधी गतिविधियों को अंजाम देकर अवैध संपत्ति अर्जित करने का आरोप है। पुलिस ने आरोपियों की संपत्तियों और आर्थिक नेटवर्क की जांच शुरू कर दी है। एसएसपी अनुराग आर्य ने बताया कि इनमें दो गिरोह थाना फरीदपुर और एक थाना शाही का है। जांच के दौरान आरोपियों की आपराधिक गतिविधियों में निरंतर संलिप्तता पाई गई है। आरोपियों के खिलाफ अलग-अलग थानों में तमाम मामले दर्ज हैं। उन्होंने बताया कि फरीदपुर थाना क्षेत्र के गांव मेवा सर्फापुर निवासी फातून गोकशी के गिरोह का लीडर है। उनके गिरोह में नाद अलगनी निवासी बेचे खां, तैय्यब उर्फ तोइयाब, अयूब खां और मेवा सर्फापुर निवासी कासिम शामिल हैं। इन सभी को गोकशी माफिया के रूप में चिह्नित किया गया है। फरीदपुर थाना क्षेत्र के ही गांव मोहनपुर हाल निवासी मोहल्ला मिर्धान निवासी शेर खान को मादक पदार्थ तस्करी माफिया घोषित किया गया है। शाही थाने के पांच अपराधियों को अपराध माफिया के रूप में चिह्नित किया गया है। इनमें दुनका निवासी नन्हू उर्फ नन्हे उर्फ लालता प्रसाद गिरोह का लीडर है। गिरोह में सिरौली थाना क्षेत्र के गांव जंगबाजपुर निवासी गिरीश पाल उर्फ गुड्डू, शाही थाना क्षेत्र के गांव डूंगरपुर निवासी धर्मेंद्र, संभल जिले के थाना क्षेत्र चंदौसी के गांव रुस्तमगढ़ उगिया निवासी चंंद्र प्रकाश, शाही के गांव दुनका निवासी राहुल शामिल है। एसएसपी अनुराग आर्य ने तीनों माफिया गिरोहों की अवैध रूप से अर्जित संपत्तियों, आर्थिक नेटवर्क और वित्तीय लेनदेन की विस्तृत जांच कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि जिले में गौकशी, मादक पदार्थों की तस्करी, लूटपाट और अन्य संगठित अपराधों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। अपराधियों के आर्थिक तंत्र को ध्वस्त कर उन्हें कानून के दायरे में लाने के लिए हर संभव कदम उठाए जाएंगे।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *