शीशगढ़, बरेली। जनपद की तहसील मीरगंज क्षेत्र के गांव जियानगला का मार्ग लंबे समय से बदहाल है। बारिश मे रास्ते में कीचड़ और दलदल होने से ग्रामीणों को परेशानी उठानी पड़ रही है। सावन में इसी रास्ते से कांवड़िए हरिद्वार रवाना होते हैं। ग्रामीणों ने इस संबंध में एसडीएम से शिकायत की है। ग्रामीणों का आरोप है कि पिछले दस वर्षों से ग्राम पंचायत ने इस मार्ग का निर्माण नहीं कराया। अजय गंगवार ने बताया कि यह पंचायत घर का मुख्य रास्ता होने के साथ प्राचीन शिव मंदिर तक भी जाता है। बरसात के दिनों में मार्ग पूरी तरह दलदल में बदल जाता है। ऐसे में पैदल चलना भी दूभर हो जाता है। ग्रामीणों ने बताया कि उन्होंने कई बार अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से मांग की लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। शीघ्र सड़क निर्माण न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी। ग्रामीणों ने एसडीएम को प्रार्थना पत्र देकर सड़क निर्माण की मांग की। प्रधान तारावती ने बताया कि कई बार कार्ययोजना में इसका प्रस्ताव किया लेकिन स्वीकृति नहीं मिली। ग्राम पंचायत के पास इतना बजट नहीं है कि वह स्वयं इस सड़क का निर्माण करा सके। एसडीएम निधि शुक्ला ने बताया इस संबंध में ग्राम विकास अधिकारी को पत्र भेजा जा रहा है। रास्ते को सही कराने के हर संभव प्रयास होगा।।
बरेली से कपिल यादव
