सुभाषनगर पुलिया 15 दिन के लिए बंद, पहले दिन ही हुई परेशानी

बरेली। जनपद के सुभाषनगर पुलिया को आगामी 15 दिनों के लिए पूरी तरह से बंद कर दिया गया है। नगर निगम क्षेत्र में जलभराव की समस्या से निजात दिलाने के लिए नाला सफाई अभियान चला रहा है। पुलिया बंद होने से पहले दिन ही लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। चौपुला पुल के साथ ही सुभाषनगर की गलियों में जाम की स्थिति रही। जंक्शन के प्लेटफॉर्म नंबर छह से बाइक सवार निकलने लगे, जिस पर आरपीएफ ने उन्हें रोका। इस मार्ग के बंद होने से सुभाषनगर और आसपास के करीब 25 हजार लोगों को सीधे तौर पर परेशानी होगी। इस रास्ते से प्रतिदिन हजारों लोग आवाजाही करते है। इनमें स्कूल जाने वाले बच्चे और कामकाजी लोग सबसे ज्यादा प्रभावित होंगे। लोगों को अब बदायूं रोड होकर अपने गंतव्य तक जाना पड़ेगा। इस वैकल्पिक मार्ग से चार किलोमीटर की अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ेगी। इससे लोगों का समय और ईंधन दोनों बर्बाद होगा। नगर निगम के एक्सईएन राजीव राठी ने बताया कि चौपुला पुल का निर्माण कार्य चलने के कारण इस पुलिया को पहले बंद नहीं किया गया था। नाला सफाई के लिए इसे पूरी तरह से बंद कर दिया गया है। पुलिया बंद होने से सुभाषनगर की तंग गलियों में पूरे दिन जाम की स्थिति बनी रहने की आशंका है। नगर निगम प्रशासन का कहना है कि मानसून और सामान्य दिनों में होने वाले जलभराव को रोकने के लिए यह सफाई बेहद जरूरी है। इससे क्षेत्रवासियों को भविष्य में घुटने भर पानी से नहीं जूझना पड़ेगा।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *