पति की शिकायत करने थाने पहुंची महिला से दारोगा ने किया दुष्कर्म, एसएसपी ने किया सस्पेंड

बरेली। पति की शिकायत करने बारादरी थाने पहुंची महिला पर वहां तैनात एक दारोगा का दिल आ गया। उसने मदद के बहाने महिला से नजदीकियां बढ़ाई और फिर घर आना-जाना शुरू कर दिया। बाद में शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बना लिए। आरोप है कि अब दारोगा उन्हें छोड़कर चला गया है। महिला ने एसएसपी व एडीजी समेत कई अधिकारियों से मिलकर शिकायत की। मामले की गंभीरता को लेते हुए एसएसपी अनुराग आर्य ने दारोगा नरेश बाबू को निलंबित कर दिया है। पूरे मामले की विस्तृत जांच उन्होंने एसपी साउथ अंशिका वर्मा को सौंपी है। जांच रिपोर्ट आने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी। बारादरी इलाके के माधोबाड़ी निवासी महिला दोपहर के वक्त एसएसपी अनुराग आर्य से उनके कार्यालय में मिली और खुद को सिरौली थाने के दरोगा नरेश बाबू की दूसरी पत्नी बताया। महिला ने दरोगा के साथ कई जगह घूमने के फोटो और वीडियो सबूत के तौर पर पेश किए। बताया कि दरोगा काफी समय तक बारादरी थाने में तैनात रहे थे। वह वर्ष 2022 से पति से मतभेद के बाद अलग रह रही है। वर्ष 2025 मे पति और ससुराल वालों के खिलाफ शिकायत करने बारादरी थाने गई थी। वहां उसके मामले में जांच कर रहे दरोगा नरेश बाबू ने पहले सहानुभूति जताई, फिर उसके घर आने जाने लगे। उसे पुलिस में नौकरी दिलाने का झांसा दिया। साथ ही कहा कि वह पहली पत्नी से तलाक लेकर उससे शादी कर लेंगे। इसी बहाने कई बार जबरन यौन संबंध बनाए। आरोप लगाया कि रिटायरमेंट से पहले दरोगा ने उससे पीछा छुड़ाकर अपनी करतूतों पर पर्दा डालने के लिए सिरौली थाने ट्रांसफर करा लिया। पांच जुलाई को ड्यूटी से लौटते वक्त दरोगा का एक्सीडेंट हो गया था। निजी अस्पताल में दरोगा भर्ती थे। वहां वह गई तो दरोगा के परिवार के लोगों ने उनसे झगड़ा व मारपीट शुरू हो गई। जल्दी मे ही वह दरोगा की छुट्टी कराकर अपने साथ ले गए। महिला ने कहा कि जब उसे पत्नी का हक नही मिल पा रहा तो दरोगा के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर विभागीय कार्रवाई की जाए। एसएसपी अनुराग आर्य ने बताया कि महिला की शिकायत पर प्राथमिक जांच के आधार पर सिरौली थाने के दरोगा नरेश बाबू को निलंबित कर दिया है। पूरे मामले की विभागीय जांच एसपी दक्षिणी को सौंपी गई है। उनकी रिपोर्ट पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *