60-90 दिनों से अटकी थी फाइलें, एसएसपी ने 12 थाना प्रभारियों पर बिठाई जांच

बरेली। विवेचनाएं लंबित होने पर एसएसपी अनुराग आर्य ने 12 थाना प्रभारियों की प्रारंभिक जांच शुरू करा दी है। इसमें शहर के पांच और देहात के सात थाना प्रभारी शामिल हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद सभी के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। शासन स्तर पर मुकदमों के निस्तारण को लेकर संज्ञान लिया गया। पता चला कि बरेली की रैंकिंग आइजीआरएस में तो बेहतर है लेकिन मुकदमों के निस्तारण में स्थिति काफी खराब है। स्थिति यह है कि सभी थानों में 60 और 90 दिन से अधिक तक विवेचनाएं पेंडिंग है। मामले में अब एसएसपी अनुराग आर्य ने विवेचनाओं के निस्तारण के लिए एक माह का अभियान शुरू किया है। अभियान के दौरान हर दिन समीक्षा की जाती है। सभी एडिशनल एसपी और सीओ को भी अपने-अपने क्षेत्र की सभी लंबित विवेचनाओं को निस्तारित कराने के आदेश दिए गए हैं। इसी क्रम में जब चार जून की रात एसएसपी अनुराग आर्य ने जिले की समीक्षा बैठक की तो पता चला कि, जिले के 12 थाने ऐसे हैं जहां सबसे ज्यादा विवेचनाएं लंबित हैं। यह विवेचनाएं 60 और 90 दिन से अधिक की है। इससे गुस्साए एसएसपी ने जिले के 12 थाना प्रभारियों की प्रारंभिक जांच खोल दी है। जांच खुलने वाले थाना प्रभारियों में इज्जतनगर, सीबीगंज, भमौरा, कोतवाली, बारादरी, फरीदपुर, नवाबगंज, कैंट, आंवला, बिथरी चैनपुर, भोजीपुरा, और बहेड़ी थाना प्रभारी का नाम शामिल है। जांच रिपोर्ट आने के बाद मामले में अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *