नशे की लत ने बनाया चोर, पंचायत भवन और स्कूल मे चोरी करने वाले दो बदमाश गिरफ्तार

देवरनियां, बरेली। जनपद के थाना देवरनियां क्षेत्र मे गुरुवार को पुलिस ने पंचायत भवन, प्राथमिक विद्यालय सहित कई स्थानों पर हुई चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी का इन्वर्टर, बैटरी, तीन गैस सिलेंडर, तीन एंड्रॉयड मोबाइल फोन और 5,200 रुपये नकद बरामद किए हैं। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार बुधवार देर रात बरेली-नैनीताल हाईवे किनारे स्थित एक खंडहर में दबिश देकर गिरधरपुर निवासी 23 वर्षीय विष्णु मौर्य और 26 वर्षीय हाशिम को गिरफ्तार किया गया। पुलिस का कहना है कि दोनों आरोपी चोरी का सामान बेचने की फिराक में वहां पहुंचे थे। जांच मे बरामद सामान देवरनियां कोतवाली में दर्ज चोरी के तीन अलग-अलग मुकदमों से संबंधित पाया गया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि चोरी के बाद वे सामान को ग्राम वसुपुरा के पास हाईवे किनारे बने खंडहर में छिपा देते थे और मौका मिलने पर उसे बेच देते थे। पुलिस पूछताछ में दोनों आरोपियों ने ग्राम गोपालपुर स्थित पंचायत भवन और ग्राम मंगदपुर के प्राथमिक विद्यालय में चोरी की वारदात करना स्वीकार किया। उन्होंने बताया कि चोरी का कुछ सामान पहले ही बेच दिया था। उससे मिली रकम में से 5,200 रुपये बरामद हुए हैं, जबकि शेष रुपये खर्च हो चुके है। देवरनियां कोतवाली प्रभारी उपनिरीक्षक आशुतोष द्विवेदी ने बताया कि आरोपी विष्णु मौर्य के खिलाफ पहले से चार और हाशिम के खिलाफ तीन आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। दोनों को न्यायालय मे पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *