तीन दिन से बिजली गुल, गुस्साए उपभोक्ताओं ने उपकेंद्र पर जड़ा ताला, चीफ इंजीनियर को घेरा

बरेली। बिजली संकट से परेशान होकर उपभोक्ताओं ने सोमवार सुबह पवन विहार उपकेंद्र का घेराव किया। उपभोक्ताओं ने उपकेंद्र में तालाबंदी कर कर्मचारियों को बाहर निकाल दिया और बिजली निगम के खिलाफ नारेबाजी की। यह विरोध प्रदर्शन कृष्णा नगर फेज दो कॉलोनी का ट्रांसफार्मर फुंक जाने और लगातार बिजली कटौती के कारण हुआ। कॉलोनी में पिछले तीन दिनों से बिजली आपूर्ति बाधित है। इससे निवासियों को भीषण गर्मी और अंधेरे में रहने को मजबूर होना पड़ रहा है। पहले केबल फाल्ट की समस्या थी, जिसे ठीक करने के बाद अब ट्रांसफार्मर फुंक गया है। निवासियों का आरोप है कि बिजली निगम के अधिकारी उनके फोन नहीं उठा रहे हैं। वे उनकी शिकायतों पर कोई ध्यान नहीं दे रहे हैं। सोमवार सुबह बड़ी संख्या में लोग पवन विहार उपकेंद्र पर जमा हुए और दरी बिछाकर बैठ गए। यहां आए एसडीई से इनकी तकरार हो गई। आरोप है कि एसडीई ने लोगों से गालीगलौज कर दी। इससे लोग खफा हो गए और एसडीई मुर्दाबाद के नारे लगाने लगे। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया। बाद में चीफ इंजीनियर मौके पर पहुंचे तो लोगों ने उनका घेराव कर लिया। उन्होंने लोगों को आश्वासन दिया। चीफ इंजीनियर ने कहा कि तीन घंटे के भीतर नया ट्रांसफार्मर लगाकर बिजली आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी। प्रदर्शनकारी उपभोक्ताओं ने तत्काल ट्रॉली ट्रांसफार्मर लगाकर कॉलोनी की बिजली आपूर्ति चालू करने की मांग की। उनकी यह भी मांग थी कि एक उच्च क्षमता का नया ट्रांसफार्मर स्थायी रूप से स्थापित किया जाए। निवासियों ने बिजली निगम के अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि बार-बार की समस्याओं से वे तंग आ चुके है। कृष्णा नगर फेज दो के निवासियों ने अपनी समस्याओं को लेकर मुख्यमंत्री से मिलने की योजना बनाई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि वे मंगलवार को शहर आ रहे मुख्यमंत्री योगी से बिजली अफसरों की शिकायत करेंगे। वे बिजली निगम और जिला प्रशासन के संबंधित अधिकारियों की शिकायत करेंगे। हालांकि चीफ इंजीनियर ज्ञान प्रकाश ने तीन घंटे में नया ट्रांसफार्मर लगाकर व्यवस्था सही कराने का भरोसा दिया तो लोग उपकेंद्र से चले आए।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *