फरीदपुर, बरेली। जनपद के थाना फरीदपुर क्षेत्र के फर्रखपुर मोहल्ले में शराब पीकर झगड़ा होने के बाद सगे भाई ने ईंट से कुचलकर शारीफ की हत्या की थी। शारिफ की मां ने छोटे बेटे पर हत्या का केस दर्ज कराया है। शुक्रवार को फरीदपुर के फर्रखपुर मोहल्ले के शारीफ (35) का शव घर के दरवाजे पर पड़ा मिला। उसके सिर में गंभीर चोटें थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर में गंभीर चोट की वजह से शारीफ की मौत होने की पुष्टि हुई। शनिवार को शारीफ की मां नसरीन ने थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया की 15 वर्षों से वह अपने पति से अलग रह रही थी। उन्होंने अपने छह बच्चों को मेहनत मजदूरी करके पाल-पोसकर बड़ा किया। गुरुवार की रात नसरीन अपने दूसरे घर शांति नगर कॉलोनी में थी। मोहल्ला फर्रखपुर के घर में शारीफ और विक्की था। शारीफ का अपने भाई विक्की से झगड़ा हुआ। विक्की ने शारीफ के सिर पर ईंट मारकर हत्या कर दी। इसके बाद विक्की घर के दरवाजे पर शारीफ का शव छोड़कर भाग गया। शुक्रवार की सुबह जब आसपास के लोगों ने शारीफ के शव को घर के दरवाजे पर पड़ा देखा तो हत्यारोपी विक्की ने छत से गिरकर मौत होने का हल्ला मचा दिया। सूचना पर शारीफ की मां नसरीन भी अपने शांति नगर के घर से फर्रखपुर पहुंच गई। बेटे के सिर में गंभीर चोट देखकर उन्हें हत्या का शक हुआ। इस दौरान विक्की की पत्नी खुशनूर ने अपनी सास नसरीन को बताया कि गुरुवार की रात शारीफ का विक्की से झगड़ा हुआ था। विक्की ने ईंट मारकर अपने छोटे भाई शारीफ की हत्या कर दी थी। खुशनूर ने जब विरोध किया तो विक्की उसे भी मारने के लिए दौड़ पड़ा। खुशनूर बचने के लिए दूसरे घर पर छिप गई। खुशनूर के बताने के बाद मां ने शारीफ के हत्या आरोपी विक्की के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। फरीदपुर इंस्पेक्टर राधेश्याम ने बताया कि मृतक की मां की तहरीर पर सगे भाई के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया गया है। मामले की जांच की जा रही है। आरोपी के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।।
बरेली से कपिल यादव
