राजस्थान/बाड़मेर- बाड़मेर जिले में किशोर स्वास्थ्य सेवाओं की प्रभावी मॉनिटरिंग एवं एएफएचसी पोर्टल पर नियमित रिपोर्टिंग सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. विष्णुराम विश्नोई के निर्देशन में जिला स्तरीय बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में एएफएचसी पोर्टल पर रिपोर्टिंग नहीं करने वाले संस्थानों की समीक्षा करते हुए संबंधित संस्थाओं को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।
बैठक के दौरान संबंधित संस्थानों के प्रतिनिधियों को एएफएचसी रिपोर्टिंग प्रक्रिया के संबंध में प्रशिक्षण प्रदान किया गया तथा नियमित रूप से प्रतिदिन रिपोर्ट दर्ज करना सुनिश्चित करने हेतु पाबंद किया गया। अधिकारियों ने कहा कि किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम की गतिविधियों की सही मॉनिटरिंग एवं प्रभावी क्रियान्वयन के लिए समय पर रिपोर्टिंग अत्यंत आवश्यक है। बैठक में जिला प्रजनन एवं शिशु स्वास्थ्य अधिकारी (आरसीएचओ) डॉ. बाकाराम ने एएफएचसी कार्यक्रम के उद्देश्य, रिपोर्टिंग प्रक्रिया एवं आवश्यक बिंदुओं पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सभी संस्थान निर्धारित प्रारूप एवं समय सीमा के अनुसार नियमित रूप से ऑनलाइन रिपोर्टिंग सुनिश्चित करें ताकि कार्यक्रम की प्रगति का सही मूल्यांकन किया जा सके।
आरकेएसके कॉर्डिनेटर राकेश भाटी ने कार्यक्रम की गतिविधियों के बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए किशोर स्वास्थ्य सेवाओं के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने संबंधित कार्मिकों को एएफएचसी ऐप में ऑनलाइन एंट्री करने की प्रक्रिया का व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया तथा रिपोर्टिंग के दौरान आने वाली तकनीकी एवं संचालन संबंधी समस्याओं के समाधान के बारे में जानकारी दी। बैठक में उपस्थित सभी संस्थानों को निर्देश दिए गए कि रिपोर्टिंग कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाए तथा शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। अधिकारियों ने कहा कि नियमित एवं समयबद्ध रिपोर्टिंग से कार्यक्रम की गुणवत्ता में सुधार होगा तथा किशोर स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाया जा सकेगा।
— राजस्थान से राजूचारण
