पीलीभीत का कय्यूम चला रहा था अवैध हथियारों का कारोबार, गिरफ्तार

बरेली। पीलीभीत का एक शातिर अपराधी कैंट क्षेत्र मे किराए के मकान को ठिकाना बनाकर अवैध हथियारों की सप्लाई का नेटवर्क चला रहा था। पुलिस की निगरानी से बचने के लिए वह फर्जी तरीके से छिपकर रह रहा था और सस्ते दामों में युवाओं तक अवैध हथियार पहुंचाने की फिराक में था। कैंट पुलिस ने उसे तमंचे समेत गिरफ्तार कर लिया है। जांच में यह भी सामने आया है कि मकान मालिक को आरोपी की गतिविधियों और उसके पुलिस से बचकर रहने की जानकारी थी। अब पुलिस ने मकान मालिक को भी मामले मे नामजद कर कार्रवाई शुरू कर दी है। प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार धीर के नेतृत्व में कैंट पुलिस सोमवार देर रात क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक संदिग्ध व्यक्ति अवैध हथियार के साथ मोहनपुर मजार के पास मौजूद है। सूचना पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर कय्यूम कुरैशी पुत्र लल्ला मास्टर निवासी ग्राम मीरपुर वाहनपुर थाना बीसलपुर, जनपद पीलीभीत को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी वर्तमान में कैंट थाना क्षेत्र के ठिरिया निजावत खां में किराए के मकान मे रह रहा था। तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से एक नाजायज 12 बोर तमंचा बरामद हुआ। बरामदगी के आधार पर कैंट थाने में उसके खिलाफ आयुध अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह पुलिस की निगरानी से बचने के लिए ठिरिया निजावत खां में शेखू पुत्र जमील के मकान में रह रहा था। उसने यह भी स्वीकार किया कि मकान मालिक को उसकी गतिविधियों और पुलिस से बचकर रहने की पूरी जानकारी थी। पुलिस ने बिना सत्यापन किरायेदार रखने और आरोपी को शरण देने के आरोप में मकान मालिक को भी मामले में नामजद किया है।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *