बरेली। ईद-उल-अजहा (बकरीद) का त्योहार गुरुवार को धूमधाम से मनाया गया। हजारों लोगों ने ईदगाहों और मस्जिदों मे नमाज अदाकर अमन-चैन की दुआ मांगी। इस दौरान सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। नगर निगम ने भी साफ-सफाई और अपशिष्ट निस्तारण के लिए विशेष व्यवस्था की। सुबह से ही शहर में बकरीद ईद का जश्न छाया रहा। गुरुवार को बरेली के शहर से लेकर देहात तक छोटी-बड़ी मस्जिदों, दरगाहों और खानकाहों में ईद-उल-अजहा की नमाज अदा की गई। लेकिन सबसे भव्य और बड़ी नमाज बाकरगंज स्थित ऐतिहासिक ईदगाह में देखने को मिली। काजी-ए-हिंदुस्तान मुफ्ती मुहम्मद असजद रजा कादरी ने सुबह ठीक 10 बजे ईद की नमाज कराई। सुबह से ही नमाजी ईदगाह की ओर रवाना होने लगे थे। जल्द ही पूरी ईदगाह नमाजियों से भर गई। हजारों की तादाद में लोग सफो मे बैठे नजर आए। मुफ्ती असजद मियां अपने आवास दरगाह आला हजरत से खानदान और उलमा-ए-इकराम के संग ईदगाह पहुंचे। इमामों ने हजरत इब्राहीम और हजरत इस्माइल की कुर्बानी की दास्तां बयां की। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दी। इसके बाद घरों में जानवरों की कुर्बानी का सिलसिला शुरू हो गया। पुलिस प्रशासन ने त्योहार के मद्देनजर संवेदनशील इलाकों में पुलिसकर्मी तैनात किए थे। सोशल मीडिया पर भी लगातार नजर रखी जा रही थी। लोगों ने मुल्क में अमन-ओ-चैन और भाईचारे के लिए दुआ मांगी। शहर से लेकर देहात तक बकरीद की रौनक देखी गई। जमात रजा-ए-मुस्तफा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सलमान मिया ने नमाजियों से गले मिलते हुए ईद की बधाई दी। उन्होंने कहा, “कुर्बानी का असली मकसद अपनी ख्वाहिशों को अल्लाह की रजा पर कुर्बान करना है। हमें गरीबों और यतीमों का खास ख्याल रखना चाहिए, मुल्क में भाईचारे को और मजबूत बनाना चाहिए। कुर्बानी के दौरान साफ-सफाई का पूरा ध्यान रखें और सोशल मीडिया पर कुर्बानी के फोटो-वीडियो शेयर न करें।” जमात रजा के राष्ट्रीय महासचिव फरमान मियां ने ईदगाह कमेटी की व्यवस्था की तारीफ की और शुक्रिया अदा किया। इस मौके पर जमात रजा की कोर कमेटी ने सभी को ईद की मुबारकबाद दी। डॉ. मेहदी हसन, शमीम अहमद, मोईन खान, समरान खान, मोईन अख्तर, अब्दुल्लाह रज़ा खान, मुहम्मद रज़ा, तस्लीम रज़ा आदि। नमाज़ के तुरंत बाद कुर्बानी का सिलसिला शुरू हो गया, जो 28 मई से 30 मई तक चलेगा। आखिरी नमाज़ दरगाह आला हज़रत पर सुबह 10:30 बजे अदा की गई। पूरे शहर में ईद का उत्साह और खुशी का माहौल देखा गया। ईद के मौके पर पूरे क्षेत्र में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। प्रशासन और पुलिस की सतर्कता से पूरे इलाके में शांति और सौहार्द का माहौल बना रहा। सभी प्रमुख ईदगाहों और मस्जिदों पर भारी पुलिस बल तैनात रहा। पुलिस अधिकारियों ने क्षेत्र में निरंतर गश्त कर सुरक्षा का जायजा लिया। इनके अलावा ताज मस्जिद, सकलैनी मस्जिद, उमर मस्जिद, अब्दुल्ला चौधरी मस्जिद, मदारे आजम मस्जिद, अजहरी मस्जिद, मदीना मस्जिद समेत अन्य मस्जिदों में भी नमाज अदा की गई। नमाज के दौरान एसडीएम इशिता किशोर, क्षेत्राधिकारी अरुण कुमार, तहसीलदार भानू प्रताप सिंह, नगर पालिका ईओ शशि प्रभा, इंस्पेक्टर दिनेश कुमार शर्मा समेत कई अधिकारी और पुलिस टीम लगातार गश्त पर रहे। इंटेलीजेंस और दमकल विभाग की टीमें भी अलर्ट मोड पर तैनात रहीं। नमाज शांतिपूर्ण रूप से संपन्न होने के बाद प्रशासन ने राहत की सांस ली। कहीं से कोई अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली। स्थानीय लोगों ने प्रशासन और पुलिस की व्यवस्थाओं की सराहना की।।
बरेली से कपिल यादव
