बरेली। भीषण गर्मी और लगातार हो रही बिजली कटौती के खिलाफ सोमवार को समाजवादी पार्टी ने बिजली विभाग के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। सपा के निवर्तमान जिला उपाध्यक्ष हैदर अली के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने विद्युत निगम कार्यालय पहुंचकर अनोखा ‘चिकना घड़ा’ प्रदर्शन किया। सफेद घड़े हाथों में लेकर पहुंचे सपाइयों ने विभागीय अफसरों पर जनता की समस्याओं को अनसुना करने का आरोप लगाया और जमकर नारेबाजी की। सपा नेताओं का कहना था कि जिले के ग्रामीण और शहरी इलाकों में घंटों अघोषित बिजली कटौती की जा रही है। उमस भरी गर्मी में लोग रातभर जागने को मजबूर है लेकिन विभागीय अधिकारी फोन तक उठाने को तैयार नहीं हैं। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि बिजली विभाग जनता की परेशानी से पूरी तरह बेपरवाह हो चुका है। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ता अपने साथ सफेद घड़े लेकर पहुंचे, जिन पर विभागीय लापरवाही को लेकर नारे लिखे गए थे। सपाइयों ने कहा कि अधिकारी “चिकने घड़े” बन चुके हैं, जिन पर जनता की शिकायतों का कोई असर नही पड़ रहा। प्रदर्शनकारियों ने मुख्य अभियंता को ज्ञापन सौंपकर तत्काल बिजली व्यवस्था सुधारने की मांग उठाई। हैदर अली ने कहा कि लगातार बिजली कटौती से बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। छोटे दुकानदारों और व्यापारियों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। बुजुर्ग और बीमार लोग सबसे ज्यादा परेशान हैं। कई इलाकों में बिजली न आने से पानी की सप्लाई भी ठप हो रही है, जिससे लोगों का गुस्सा लगातार बढ़ता जा रहा है। सपा नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द बिजली व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो पार्टी सड़कों पर उतरकर बड़ा आंदोलन करेगी। सैय्यद फैज़, राशिद खान, अमित कुमार सागर,अक्षय मेसी, जहीर खान, अब्दुल करीम अल्वी, पंडित रचित शर्मा, हबीब वारसी, धर्मेंद्र पटेल, मनमोहन माथुर, इरशाद अंसारी, सदाकत मुन्ना, आर के सिंह, जितेंद्र, युनुस आदि प्रमुख रहे।।
बरेली से कपिल यादव
