आंवला, बरेली। जनपद के आंवला नगर के समीप स्थित मनौना जीवन धाम परिसर से रविवार सुबह डेढ़ वर्षीय बच्चा लापता हो गया। अज्ञात के खिलाफ अपहरण का मुकदमा दर्ज कर पुलिस की पांच टीमें बच्चे की तलाश में लगाई गई है। बच्चे के घर जा चुके दो संदिग्ध संदेह के घेरे मे है। जिनकी पुलिस तलाश कर रही है। बदायूं में थाना उसहैत के गांव डढरिया असगुणा निवासी रमन मनौना धाम पर सफाई कर्मचारी है और परिसर मे ही परिवार सहित रहते है। रमन ने पुलिस को बताया कि रविवार सुबह 10 बजे उनके तीन बच्चे खेलते हुए मेन गेट को जाने वाली सड़क की ओर चले गए। कुछ देर बाद पांच वर्षीय बेटी शिवांशी और चार वर्षीय बेटी नियांशी तो लौट आए लेकिन उनका सबसे छोटा डेढ़ वर्षीय बेटा ऋषभ लापता हो गया। उसके अन्य दो बच्चे कुछ स्पष्ट रूप से जानकारी नही दे पा रहे है। इस पर पुलिस ने रमन की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कर ली। घटना की जानकारी होने पर एसपी साउथ अंशिका वर्मा मौके पर पहुंचीं और सीओ नितिन कुमार व इंस्पेक्टर बीनू सिंह से पूरे मामले की जानकारी ली। पुलिस ने घटना की जांच शुरू की तो सामने आया कि रमन करीब छह महीने से मनौना धाम पर काम करता है और उसका परिवार दो माह पहले आया था। उसकी पत्नी सोनी ने बताया कि बड़ी बेटी शिवांशी छोटी बहन नियांशी और ऋषभ के साथ दस रुपये लेकर बिस्कुट व टॉफी लेने गई थी। कुछ देर बाद शिवांशी व नियांशी खीरा खाते हुए लौट आईं लेकिन ऋषभ लापता हो गया। पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे की फुटेज चेक की तो दो संदिग्ध व्यक्ति बच्चों से आगे जाते दिखे, जो बच्चों से बातचीत भी कर रहे थे। उन्हें संदिग्ध मानकर पुलिस तलाश में जुटी है। पुलिस ने ऋषभ की बड़ी बहन शिवांशी से बात की उसने बताया कि जो दोनों व्यक्ति बात कर रहे थे, वे उसके घर आ चुके हैं और मां ने उन्हें चाय-नमकीन भी खिलाई थी। मगर जब बच्चे की मां सोनी से उनके बारे में पूछा तो उसने पहचानने से इनकार कर दिया। पुलिस को सोनी की बातों में भी विरोधाभास नजर आ रहा है। सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के साथ ही पुलिस टीमें सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है।।
बरेली से कपिल यादव
