बरेली। जनपद के थाना कोतवाली पुलिस ने दो ऑटोलिफ्टर को गिरफ्तार कर सात बाइकें और एक स्कूटी बरामद की है। आरोपी रजिस्ट्रेशन और चेसिस नंबर बदलकर वाहनों को बेच देते थे। उनके कब्जे से एक तमंचा कारतूस और चाकू मिले हैं। कुतुबखाना चौकी इंचार्ज अनूप सिंह ने शुक्रवार रात मालगोदाम रोड से भमोरा के गांव शरारी निवासी अवनेश मौर्य और रामपुर में थाना मिलक के गांव लखीमपुर विष्णु निवासी उदित नारायण को चोरी बाइक के साथ गिरफ्तार किया। तलाशी में उनके कब्जे से एक तमंचा कारतूस और एक चाकू भी बरामद हुआ। पूछताछ के बाद आरोपियों की निशानदेही पर रेलवे के खंडहर से चोरी की छह अन्य बाइकें और एक स्कूटी भी बरामद हुई। जांच में इनकी नंबर प्लेट और चेसिस नंबर बदले हुए सामने आए। आरोपियों ने बताया कि वाहन चोरी करने के बाद वे लोग उनका रजिस्ट्रेशन और चेसिस नंबर बदल देते थे। रिपोर्ट दर्ज करके शनिवार को दोनों को जेल भेज दिया गया है।।
बरेली से कपिल यादव
