आईएमए में लगा थैलेसीमिया शिविर, 150 बच्चों की हुई जांच

बरेली। आईएमए की तरफ से विश्व थैलेसीमिया दिवस पर जागरूकता रैली और जांच शिविर का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य समाज को इस गंभीर बीमारी के प्रति जागरूक करना और समय रहते इसकी रोकथाम के उपाय बताना था। जागरूकता रैली को मुख्य अतिथि जिला जज प्रदीप सिंह ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। विशिष्ट अतिथि के रूप में मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट जया उपस्थित रहीं। आईएमए भवन से कंपनी गार्डन तक निकाली गई इस रैली में 150 से अधिक थैलेसीमिया पीड़ित बच्चे और उनके अभिभावक शामिल हुए। विशेष टी-शर्ट पहने बच्चों ने हाथों में तख्तियां, पोस्टर और झंडे लेकर समाज को थैलेसीमिया से लड़ने का संदेश दिया। आईएमए अध्यक्ष डॉ. अतुल कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि संस्था ने इन बच्चों को गोद लिया है। उन्हें हर माह बिना डोनर के रक्त उपलब्ध कराया जाता है। उन्होंने बताया कि अब बच्चों के लिए बोन मैरो ट्रांसप्लांट की योजना बनाई जा रही है। इसके तहत बच्चों की निःशुल्क एचएलए जांच की गई। जिन बच्चों का मिलान सफल होगा, उन्हें 90 प्रतिशत आर्थिक सहायता देकर इस उपचार के लिए तैयार किया जाएगा ताकि वे पूर्णतः स्वस्थ जीवन जी सके। शिविर का शुभारंभ बिथरी के विधायक डॉ. राघवेंद्र शर्मा ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस दौरान बच्चों के साथ केक काटकर खुशियां बांटी गईं। कार्यक्रम में सचिव डॉ. अंशु अग्रवाल समेत अन्य लोग मौजूद रहे। आईएमए ने अपील किया कि विवाह से पूर्व रक्त की जांच अवश्य कराएं ताकि आने वाली पीढ़ी सुरक्षित रहे।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *