शेरगढ़, बरेली। जनपद के थाना शेरगढ़ क्षेत्र के निजी हॉस्पिटल मे प्रसव के दौरान जच्चा-बच्चा की मौत के बाद देर शाम जमकर हंगामा हो गया। मृतका के परिजन शव अस्पताल ले आए और चिकित्सकीय लापरवाही का आरोप लगाते हुए विरोध प्रदर्शन किया। पुलिस भी मौके पर पहुंची। परन्तु देर शाम तक दोनों पक्षों के बीच समझौते के प्रयास चलते रहे। गांव कमालपुर शुमाली थाना देवरनिया की किरण पत्नी विजेंद्र पाल मौर्य को गांव की आशा कार्यकत्री रूपवती अल्ट्रासाउंड के लिए निजी अस्पताल ले लाई थी। आरोप है कि डॉक्टर ने महिला की डिलीवरी कराने की सलाह दी। छह हजार रुपये मे प्रसव कराने की बात तय हुई। इसके बाद डॉक्टर की देखरेख मे प्रसव कराया गया। बताया जाता है कि डिलीवरी के तुरंत बाद नवजात शिशु की मौत हो गई। वही प्रसूता किरण की हालत भी बिगड़ गई। परिजनों का आरोप है कि स्थिति गंभीर होने पर अस्पताल संचालक व डॉक्टर ने महिला को बरेली स्थित अस्पताल भेज दिया। परिजन उसे लेकर बरेली पहुंचे। जहां चिकित्सकों ने महिला को मृत घोषित कर दिया। गुस्साए परिजन शव लेकर शेरगढ़ पहुंचे और हॉस्पिटल मे जमकर हंगामा किया। परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर लापरवाही और गलत उपचार का आरोप लगाया। देर शाम तक अस्पताल संचालक तथा मृतका के परिजनों में समझौता का प्रयास चलता रहा।।
बरेली से कपिल यादव
