बरेली। शादी से लौट रहे किराना व्यापारी की कार और रोडवेज बस के बीच भिड़ंत हो गई। इस हादसे मे कार सवार महिला की मौत हो गई और उनके पति व दो बच्चे घायल हो गए। पुलिस ने महिला के शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजन को सौंप दिया है। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। थाना भोजीपुरा क्षेत्र के गांव भूड़ा निवासी किराना व्यापारी राम बहादुर गुरुवार को एक शादी में शामिल होने सपरिवार बदायूं गए थे। कार में उनकी पत्नी राजबाला और दो बच्चे, शुभ व रेनू बैठे थे। वहां से लौटने के दौरान रात करीब एक बजे प्रेमनगर थाना क्षेत्र में कुदेशिया पुल के पास उनकी कार और सामने से आ रही बरेली डिपो की रोडवेज बस में भिड़ंत हो गई। इस हादसे में 45 वर्षीय राजबाला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि राम बहादुर और दोनों बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची प्रेमनगर पुलिस ने कार में फंसे सभी लोगों को बाहर निकाला। घायलों को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया और राजबाला के शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे के बाद रोडवेज बस चालक उसे छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने बस को अपने कब्जे में ले लिया और चालक की तलाश में जुटी है।।
बरेली से कपिल यादव
