आंवला, बरेली। जनपद के थाना आंवला पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने शनिवार रात 25 हजार रुपये के इनामी अपराधी को गिरफ्तार किया है। अभियुक्त गैंगस्टर एक्ट में वांछित था। उससे अवैध असलहा भी बरामद हुआ है। एसओजी प्रभारी निरीक्षक सतीश शर्मा और पुलिस टीम चेकिंग कर रही थी। मुखबिर से सूचना मिली कि गैंगस्टर एक्ट मे वांछित और इनामी लाल सिंह यादव पुत्र दुरासन, निवासी ग्राम बझेडा, किसी घटना को अंजाम देने की फिराक मे अवैध हथियार के साथ जा रहा है। टीम ने रात में उसे बंदी बना लिया। उस पर एक तंमचा, दो कारतूस मिले हैं। अभियुक्त पर थाना आंवला मे चोरी, गैंगस्टर एक्ट और आर्म्स एक्ट समेत कुल छह मुकदमे दर्ज हैं। बरेली पुलिस द्वारा उस पर 25,000 रुपये का इनाम घोषित किया गया था। टीम मे एसओजी प्रभारी सतीश शर्मा, आंवला थाने के उप-निरीक्षक बिहारी लाल, सचिन कुमार, मुख्य आरक्षी ब्रजकिशोर और प्रशांत कुमार शामिल रहे। जिला बदर आसिफ तमंचे सहित गिरफ्तार : बहेड़ी। जिस गोकशी के धंधेबाज आसिफ को पुलिस ने छह माह के लिए जिला बदर कर जिले की सीमा के बाहर छोड़ा था। अब वह यहां छुपकर घुस आया और तमंचे सहित पकड़ा गया। उस पर दो गोकशी सहित पहले से ही पांच मुकदमे दर्ज थे। अब उस पर गुंडा एक्ट और आर्म्स एक्ट का मुकदमा दर्ज कर जेल भेजा है। पुलिस ने आसिफ पुत्र मो अली निवासी मोहल्ला शेखूपुर के खिलाफ जिला बदर की कार्रवाई करने के बाद दो दिन पहले 16 मार्च को जिले की सीमा के बाहर उत्तराखंड बॉर्डर पर थाना पुलभट्टा क्षेत्र मे छोड़ा था। पुलिस ने बीती रात 12.30 बजे आसिफ को किच्छा नदी के पास नई प्लॉटिंग के पास से पकड़ लिया। उसके पास से एक तमंचा और कारतूस मिले है। इससे पहले उस पर दो गोकशी और तमंचे सहित पांच मुकदमे दर्ज हो चुके है। पुलिस ने गुंडा एक्ट और आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे जेल भेज दिया है।।
बरेली से कपिल यादव
