बरेली। परसाखेड़ा औद्योगिक क्षेत्र स्थित पेंट फैक्ट्री के गोदाम मे शनिवार सुबह आग लग गई। सूचना पर फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से आग पर काबू पाया। परसाखेड़ा मे आग की घटना पूर्वाह्न करीब 11 बजे रोड नंबर एक स्थित अंकुर पेंट फैक्ट्री के गोदाम में हुई। अचानक लगी आग के बारे में लोगों को जानकारी हुई। तब तक वह विकराल रूप ले चुकी थी। फैक्ट्री में पेंट और केमिकल होने के कारण आग तेजी से बढ़ने लगी और वहां ऊंची-ऊंची लपटें उठने लगी। काले धुएं का गुबार दूर से दिखाई दे रहा था। इससे आसपास के अन्य फैक्ट्री वाले उद्यमी भी चिंता में आ गए और सबने प्रयास करके आग बुझाने का काम शुरू कर दिया। सूचना पर फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां भी मौके पर पहुंची और करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। मगर तब तक फैक्ट्री के गोदाम मे रखा काफी सामान जलकर नष्ट हो चुका था। आशंका जताई जा रही है कि यह हादसा शॉर्ट सर्किट के कारण हुआ। इंस्पेक्टर सीबीगंज प्रदीप कुमार चतुर्वेदी का कहना है कि आग लगने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। दमकल की टीम ने मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। नुकसान का आंकलन फायर बिग्रेड की टीमें कर रही है। समय रहते आग पर काबू पा लिया गया। जेल परिसर में पत्तों में लगातार तीसरे दिन लगी आग: पुरानी जिला जेल परिसर में बिखरे पत्तों में शनिवार को लगातार तीसरे दिन आग लगी। सूचना पर फायर ब्रिगेड की टीम पहुंची और आग पर काबू पाया। इसके अलावा जंक्शन रोड स्थित खाली प्लॉट में पड़े कूड़े के ढेर में भी दोपहर में आग लगी। हाफिजगंज में भी गेहूं के खेत में आग लगने से काफी नुकसान हो गया।।
बरेली से कपिल यादव
