बरेली। जनपद के थाना बारादरी क्षेत्र के मोहल्ला कटरा चांद खां मे सोमवार देर रात एक विवाहिता का शव फंदे से लटका मिला। इस मामले मे विवाहिता की मां ने पति समेत छह ससुराल वालों पर दहेज की खातिर हत्या कर शव फंदे से लटकाने का आरोप लगाकर मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। लखीमपुर खीरी मे मैगलगंज की रहने वाली 24 वर्षीय अनमोल कोमल की शादी वर्ष 2021 मे थाना बारादरी क्षेत्र के मोहल्ला कटरा चांद खां निवासी आकाशदीप से हुई थी। सोमवार रात करीब एक बजे अनमोल कोमल का शव कमरे मे फंदे से लटका मिला। मंगलवार सुबह पड़ोसियों की सूचना पर उसके पिता महेंद्र और मां संतोष कुमारी समेत अन्य परिजन मौके पर पहुंचे। उन लोगों ने दहेज की खातिर बेटी की हत्या का आरोप लगाकर बारादरी पुलिस को सूचना दी। इस पर इंस्पेक्टर बिजेंद्र सिंह फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और जांच पड़ताल के बाद मजिस्ट्रेट की निगरानी में पंचनामा भरकर शव पोस्टमार्टम को भेजा गया। इस दौरान एडिशनल एसपी पंकज श्रीवास्तव ने भी घटनास्थल का मुआयना किया। मृतका अनमोल कोमल की मां संतोष कुमारी ने इस मामले मे थाना बारादरी मे उसके पति आकाशदीप, ससुर राजेश कुमार, सास कमलेश, देवर शुभम और ननद दीक्षा उर्फ पूजा व शिवानी उर्फ गुंजा के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। उनका आरोप है कि ससुराल वाले बेटी को दहेज की खातिर प्रताड़ित करते थे। बेटी अक्सर फोन पर उन लोगों को इस बारे मे बताती थी। मगर इस बार उन लोगों ने उसे मारकर फंदे पर लटका दिया। इंस्पेक्टर बारादरी बिजेंद्र सिंह ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मृतका के पति और सास-ससुर को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।।
बरेली से कपिल यादव
