बरेली। 24 और 25 अप्रैल को होने वाले उर्स ए ताजुरशरिया को लेकर गुरुवार दोपहर डीएम ने विकास भवन सभागार मे एसएसपी सहित अन्य अधिकारियों और उर्स की कोर कमेटी के साथ बैठक की। डीएम ने कहा कि उर्स के दौरान किसी तरह की कोई नई परंपरा न डाली जाए। अधिकारियों को समय से सभी तैयार पूरी करने के निर्देश दिए। बैठक में डीएम ने आयोजकों से व्यवस्था को लेकर चर्चा की। आयोजकों ने बताया कि दरगाह से टक्कर की पुलिया तक, मथुरापुर सीबीगंज में नाले की सफाई व्यवस्था जरूरी है। आयोजन के समय शौचालयों की व्यवस्था कराये जाने, यातायात व्यवस्था सुचारु रखने के लिए अतिरिक्त बसों की जरूरत बताई। आयोजकों ने कहा कि अप्रिय घटना को रोकने के लिए भारी वाहनों का रूट डायवर्ट होना बेहतर रहेगा। बैठक मे आयोजकों ने एसएसपी अनुराग आर्य से मोबाइल चोरी की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए उचित कदम उठाने का अनुरोध किया। एसएसपी ने आश्वासन दिया कि पर्याप्त संख्या में पुलिस बल सुरक्षा की दृष्टि से तैनात रहेगा। जिलाधिकारी ने कहा कि अग्निशमन व्यवस्था, सड़कों की मरम्मत, पानी की व्यवस्था, निर्बाध विद्युत आपूर्ति ट्रफिक व्यवस्था आदि विषयों पर बात हो चुकी है और सभी संबंधित अधिकारी अपनी-अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन समय से कर लें। जायरिनों के रुकने की व्यवस्था गत वर्षों की भांति रहेगी कोई नयी परम्परा शुरू न की जाये। इस मौके पर उर्स कोर कमेटी के हा. मेहंदी हसन, हाफिज इकराम, मौलाना इंतिजार, शमीम अहमद, अब्दुल्लाह रजा खां, मौलाना निजामुद्दीन, कौसर अली, यासिन खान साहिल अलों, शीबुद्दीन रसवी मौहम्मद करीम उद्दीन व एसपी नगर मानुष पारिक, अपर जिलाधिकारी नगर सौरभ दुबे, नगर मजिस्ट्रेट, अपर नगर आयुक्त शशि भूषण, एसपी यातायात आदि मौजूद रहे।।
बरेली से कपिल यादव
