बरेली। जिला अस्पताल मे बाहरी लोगों के अलावा अराजक तत्वों की शिकायत मिलने के बाद गुरुवार को डीएम ने छापा मारा। उन्होंने विना आई कार्ड के इमरजेंसी के पास आभा आईडी बना रहे युवक से पूछताछ की। पता लगा कि यह अस्पताल का ही संविदा कर्मचारी है। डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी कर्मचारियों को आईडी कार्ड मुहैया कराए जाएं। डीएम अविनाश सिंह गुरुवार की सुबह अचानक एडीएम ने देश दीपक सिंह के साथ जिला अस्पताल पहुंच गए। डीएम के आने की सूचना पर डाक्टरों से लेकर स्टाफ तक मे खलबली मच गई। डीएम ने स्वास्थ्य सेवाओं और साफ-सफाई की स्थिति देखकर सुधार करने को कहा। उन्होंने ओपीडी, इमरजेंसी एवं दवा वितरण केन्द्र का निरीक्षण कर सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। डॉक्टर और कर्मचारियों की उपस्थिति की जांच की और मरीजों से संवाद कर समस्याओं एवं सुझावों की जानकारी प्राप्त की। मुख्य चिकित्साधिकारी को निर्देश दिए कि अस्पताल में स्वच्छता व्यवस्था को और बेहतर बनाया जाये, आवश्यक दवाओं की व्यवस्था रहे एवं चिकित्सकीय सेवाओं में सुधार लाया जाए। सीएमओ डॉ. विश्राम सिंह, एडीएसआईसी डॉ. रमेश चंद्र दीक्षित मौजूद रहे।।
बरेली से कपिल यादव
