राजस्थान/बाड़मेर – जन अभियोग निराकरण विभाग के निर्देशानुसार आमजन की परिवेदनाओं के स्थानीय स्तर पर त्वरित समाधान के लिए गुरूवार को बाड़मेर जिले की समस्त पंचायत समिति मुख्यालयों पर संबंधित उपखंड अधिकारी की अध्यक्षता में अटल जन सेवा शिविर आयोजित किए जाएंगे। इस दौरान आमजन की परिवेदनाएं सुनने के साथ मौके पर समाधान कर राहत पहुंुचाई जाएगी।
अतिरिक्त जिला कलक्टर राजेन्द्रसिंह चांदावत ने बताया कि अटल जन सेवा शिविरों का आयोजन गुरूवार को प्रातः 10 से सांय 4.30 बजे तक होगा। इस दौरान ब्लाक स्तरीय विभागीय अधिकारी उपस्थित रहेंगे। उन्होंने बताया कि शिविरों का समय जनसुनवाई में प्राप्त परिवादों की संख्या के आधार पर बढाया भी जा सकेगा। इन शिविरों में प्रत्येक नागरिक अपनी जन समस्या प्रस्तुत करते हुए उनका मौके पर समाधान प्राप्त कर सकेंगे। असन्तुष्ट परिवादियों को संबंधित विभाग के अधिकारियों की ओर से वास्तविक कारणो से अवगत कराते हुए समझाइश कर सन्तुष्ट करने का प्रयास किया जाएगा।
अतिरिक्त जिला कलक्टर ने बताया कि जिन उपख्ंाड अधिकारियों के क्षेत्राधिकार में एक से अधिक पंचायत समितियां हैं, उनमें स्थानीय पंचायत समिति में निर्धारित तिथि एवं दूसरी पंचायत समिति में अगले दिन अथवा उपखंड अधिकारी की ओर से तय तिथि को प्रातः 10 बजे से सांय 4.30 बजे तक अटल जन सेवा शिविरों का आयोजन कराया जाएगा। उनके मुताबिक इन शिविरों की राज्य स्तर से वीडियो कांफ्रेसिंग के जरिए समीक्षा की जाएगी। इन शिविरों में जन प्रतिनिधियों के साथ गणमान्य नागरिकों से अधिकाधिक सहभागिता की अपील की गई है।
— राजस्थान से राजूचारण
