बरेली। जरा सी तेज हवा चलने पर उपभोक्ताओं को बिजली संकट झेलना पड़ रहा है। शनिवार देर शाम चली हवा ने पूरे शहर की बिजली गायब कर दी। आधे घंटे तक जहां पूरे शहर मे ब्लैकआउट रहा। वही देर रात तक कई उपकेंद्रों की 33 व 11 केवी लाइन ब्रेकडाउन के कारण विद्युत आपूर्ति सुचारू नहीं हो सकी, जबकि डेलापीर इलाके में सुबह से बिजली गुल रही। जिले मे बिजली मरम्मत के नाम पर पिछले दो सालों से लगातार कार्य किए जा रहे हैं। कई करोड़ रुपयों से अलग-अलग योजनाओं से पूरी गर्मी, बारिश व सर्दी में पिछले वर्ष कार्य किया गया। इस दौरान दावा किया जा रहा था कि गर्मियों में लोगों को निर्बाध विद्युत आपूर्ति होगी। जबकि हकीकत इससे अलग है। शनिवार शाम साढ़े नौ बजे चली तेज हवा के साथ शहर के सभी 24 उपकेंद्रों की बिजली गुल हो गई। आधे घंटे बाद हवा बंद होने के बाद कुछ उपकेंद्रों की आपूर्ति सुचारू हुई, जबकि शहर के 10 से अधिक उपकेंद्रों की विद्युत आपूर्ति 11 केवी व 33 केवी लाइन ब्रेकडाउन होने के कारण नहीं सुचारू हो सकी थी। मुख्य अभियंता ज्ञान प्रकाश ने बताया कि तेज आंधी, हल्की बारिश के कारण बिजली आपूर्ति में व्यवधान उत्पन्न हुआ है। कई जगहों पर पेड़ों के तारों से टकराने के कारण 33 केवी और 11 केवी लाइनों में फॉल्ट आ गया। जिससे फॉल्ट हुए हैं। कर्मचारी सभी फॉल्टों को सही करने में जुटे हैं। उन्होंने जल्द आपूर्ति बहाल होने का दावा किया। शहर के राजेंद्र नगर, डीडीपुरम, डेलापीर, महानगर, सनसिटी, हरूनगला, इज्जतनगर, लोहिया विहार, किला आदि में बिजली गुल रही।।
बरेली से कपिल यादव
