बरेली। जिला महिला अस्पताल से फिर रहस्यमय हालत मे एक नवजात बच्ची के गायब होने से हड़कंप मच गया है। बच्ची की मां मलेरिया वार्ड के पास बेसुध पड़ी मिली। परिवारवालों ने बच्ची चोरी का आरोप लगाते हुए अस्पताल की सुरक्षा पर सवाल उठाए हैं। पुलिस घटना की तह में जाने के लिए सीसीटीवी खंगालती नजर आ रही है। थाना इज्जतनगर के गांव परतापुर चौधरी मे रहने वाले फईम खां ने बताया कि उनके भाई मकसूद जरी कारीगर हैं। शुक्रवार को पूर्वाह्न करीब 11:30 बजे अपनी पत्नी शबाना और 21 दिन की बच्ची को लेकर दवा दिलाने और जन्म प्रमाण पत्र लेने जिला अस्पताल आए थे। पत्नी को दवा लेने के लिए उन्होंने अलग बैठा दिया और स्वयं पर्चा बनवाने के लिए लाइन में लग गए। इसके बाद वह जिला अस्पताल में ही जन्म प्रमाण पत्र लेने के लिए दूसरे कमरे में चले गए और जब लौटे तो पत्नी व बच्ची लापता थी। फईम का कहना है कि शाम करीब 5:30 बजे उनकी भाभी शबाना जिला अस्पताल में ही पेड़ों के पास बेहोशी जैसी अवस्था में मिली और उनकी 21 दिन की बच्ची गायब थी। हालत में सुधार होने पर शबाना ने बताया कि बुर्का पहनकर आई एक महिला ने उन्हें बातों में फंसाया और केक खिला दिया। वह महिला उसे जिला अस्पताल के बाहर भी लेकर गई और वापस आने पर वह बेहोश हो गई। आशंका जताई कि बुर्का पहनकर आई और बच्ची चोरी करके ले गई। बच्ची चोरी होने की बात कोतवाली पुलिस तक पहुंची तो इंस्पेक्टर सुरेश चंद्र गौतम ने पीड़ित परिवार से बात करके कोतवाली बुलाया। मगर वे लोग रात करीब 10:30 बजे कोतवाली पहुंचे। इसके बाद एक पुलिस टीम उनके साथ जिला अस्पताल भेजकर मामले की जांच शुरू करा दी गई। इंस्पेक्टर सुरेश चंद्र गौतम ने बताया कि पीड़ित पक्ष की बातों में कुछ विरोधाभास है। अभी मामले की तहरीर नही मिली है लेकिन जांच शुरू करा दी गई है।।
बरेली से कपिल यादव
