हवा व हल्की बूंदाबांदी ने बढ़ाई ट्रिपिंग, फॉल्ट, बारिश से मामूली गिरा तापमान

बरेली। शुक्रवार को मौसम में हुए बदलाव के बाद पूर्वाह्न 11 बजे से चली हवा व बीच में हुई बारिश ने शहर की बिजली व्यवस्था प्रभावित की। बारिश व हवा के कारण ट्रिपिंग व फॉल्ट की समस्याएं रही। हालांकि बिजली निगम के अधिकारियों का कहना है कि केवल आधे घंटे से अधिक बिजली कटौती कही नही हुई। फॉल्टों को समय से सही कर आपूर्ति बहाल कराई गई। वही मौसम मे लगातार उतार-चढ़ाव जारी है। एक दिन पहले तेज धूप के चलते जहां दिन में तापमान 35 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था। वही शुक्रवार को तेज हवा के साथ कई इलाकों मे बारिश हुई। इससे दिन में पारा करीब 3 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया है। शुक्रवार को दिन में अधिकतम तापमान 32.2 और रात में न्यूनतम तापमान 19.7 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। शुक्रवार को हरूनगला उपकेंद्र की 33 केवी लाइन दोपहर एक बजे ब्रेकडाउन हो गई। इसके चलते उपकेंद्र के फीडर ठप हो गए। उपभोक्ताओं ने बताया कि शाम साढ़े पांच बजे के बाद आपूर्ति बहाल हुई। जबकि बिजली निगम के अधिकारियों ने दावा किया कि एक घंटे से पहले ही फॉल्ट सही कर आपूर्ति सुचारू कर दी गई थी। शुक्रवार को सबसे अधिक ट्रिपिंग, लोकल फॉल्ट की समस्या पवन विहार, महानगर, दुर्गानगर, डेलापीर, मिशन कंपाउंड व किला, इज्जतनगर उपकेंद्रों के फीडर पर रही। वहीं रामगंगा नगर फीडर की बिजली शुक्रवार सुबह छह से साढ़े नौ बजे तक प्रभावित रही। शुक्रवार को सुबह से आसमान बादलों से ढका रहा। दोपहर में कुछ देर के लिए मौसम साफ हुआ लेकिन उसके बाद फिर आसमान में बादल घिर गए। तेज हवा के साथ कई इलाकों में बारिश हुई। करीब दो घंटे तक रुक-रुककर बारिश होती रही। लखनऊ मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ मौसम विज्ञानी अतुल कुमार ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से 29 मार्च की शाम से वर्षा का अगला दौर शुरू हो सकता है।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *