बरेली। जनपद के थाना इज्जतनगर क्षेत्र के फरीदापुर चौधरी इलाके मे रविवार को दोबारा गोवंश के अवशेष मिलने पर एसएसपी अनुराग आर्य ने नाराजगी जताते हुए दो चौकी इंचार्ज और चार हेड कांस्टेबल समेत सात पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर दिया है। सभी पुलिसकर्मियों की विभागीय जांच के भी निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने इज्जतनगर इंस्पेक्टर को गोतस्करों को चिह्नित कर तत्काल कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए है। बता दें कि इज्जतनगर मे फरीदापुर चौधरी के पास स्थित नाले में शनिवार को गोवंशीय पशुओं के अवशेष मिले थे। यह क्षेत्र आरपीएफ के क्षेत्रांतर्गत आता है। शनिवार को मामला संज्ञान मे आने पर रिपोर्ट दर्ज कर बैरियर वन चौकी इंचार्ज उमेश कुमार राय और कर्मचारीनगर चौकी इंचार्ज अमित कुमार को नाले की सफाई कराकर अवशेष दफन कराने के निर्देश दिए गए थे। साथ ही गोमांस तस्करों को चिह्नित कर कार्रवाई के भी निर्देश दि गए। मगर दोनों चौकी इंचार्ज और वहां के पुलिसकर्मियों ने आदेश को गंभीरता से नही लिया। न तो नाले की ठीक से सफाई कराकर अवशेष दफन कराए और न कोई गोकश पकड़ा जा सका। इसी बीच रविवार को उसी नाले में कुछ दूरी पर फिर से पुराने अवशेष नजर आने लगे। जानकारी मिलने पर बजरंग दल गोरक्षा प्रकोष्ठ के आशीष शर्मा, निखिल गंगवार, गौतम कश्यप, मिंटू सिंह समेत अन्य लोग वहां पहुंचे और गोकशी की आशंका जताते हुए जमकर नारेबाजी की। इज्जतनगर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और कार्रवाई का आश्वासन दिया। मगर गोरक्षों ने पुलिस की कार्यशैली पर नाराजगी जताई। पुलिस ने नाले से गोवंश के अवशेष निकाल दफना दिए।।
बरेली से कपिल यादव
