भाखड़ा नदी के नरखेड़ा सिंधौली घाट पर पुल निर्माण को जारी की धनराशि, ग्रामीणों ने विधायक को खिलाई मिठाई

मीरगंज, बरेली। प्रदेश सरकार ने मीरगंज मे भाखड़ा नदी के नरखेड़ा सिंधौली घाट पर पुल और पहुंच मार्ग निर्माण को वित्तीय स्वीकृति प्रदान कर प्रथम किस्त मे 158.53 लाख रुपये अवमुक्त कर दिए हैं। बरेली मे फरीदपुर में कैलाश नदी एवं नवाबगंज मे पनधैली नदी पर भी पुल बनेंगे। इन पुलों के निर्माण के लिए भी बजट जारी किया गया है। मीरगंज तहसील में भाखड़ा नदी के नरखेड़ा सिंधौली घाट पर पुल निर्माण की मांग क्षेत्र के गांवों के ग्रामीण कई दशकों से कर रहे हैं। पुल निर्माण को नरखेड़ा के ग्रामीणों ने आंदोलन भी किए। विधायक ने कई बार विधानसभा में इस मामले को उठाया। मुख्यमंत्री एवं पीडब्ल्यूडी मंत्री को पत्र लिखे। इस बहुप्रतीक्षित पुल के निर्माण का श्रेय विधायक डॉ. डीसी. वर्मा के निरंतर प्रयासों को दिया जा रहा है। 70 साल बाद यह सुविधा मिलने से क्षेत्र के लोगों में खासा उत्साह है। पुल बनने से नरखेड़ा, नरेली रसूलपुर, वीथम नौगवां, बहादुरपुर, मकरीखोह समेत कई गांवों के साथ दूसरी ओर रेतीपुरा, वलेही, पहाड़पुर और मडबा वंशीपुर के ग्रामीणों को बड़ी राहत मिलेगी। विधायक को बधाई देने पहुंचे ग्रामीण: पुल निर्माण को राशि जारी होने की सूचना मिलने पर नरखेड़ा क्षेत्र के ग्रामीणों ने विधायक डॉ. डीसी वर्मा के कार्यालय पहुंचकर बधाई देकर मिठाई खिलाई। गांव के अतुल त्रिवेदी एवं पुनीत त्रिवेदी ने कहा पुल निर्माण से क्षेत्र के एक लाख से अधिक लोगों को फायदा होगा। फरीदपुर व नवाबगंज के पुलों को राशि जारी: शासन ने फरीदपुर के गांव टिसुआ एवं हसनगंज के मध्य कैलाश नदी पर 1763.23 लाख से पुल, पहुंच मार्ग, अतिरिक्त पहुंच मार्ग एवं सुरक्षा कार्य की स्वीकृति देकर 617.13 लाख रुपए अवमुक्त किए हैं। नवाबगंज में ब्लाक भदपुरा क्षेत्र में ग्राम नकटपुर और नहरपुर गौरीखेड़ा के बीच पनधैली नदी पर 1274.13 रुपयों से पुल व पहुंच मार्ग निर्माण को स्वीकृति प्रदान कर 445.95 लाख रुपयों की राशि अवमुक्त की है।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *