केसर मिल पर पिछले साल का 146 करोड़ बाकी, भाकियू ने दिया ज्ञापन

नवाबगंज, बरेली। भारतीय किसान यूनियन के नेता सोमवार को तहसील पहुंचे और केसर मिल से बकाया गन्ना मूल्य दिलाए जाने की आवाज बुलंद की। किसान नेताओं ने डीएम को सम्बोधित ज्ञापन जॉइंट मजिस्ट्रेट को सौंप कर याद दिलाया कि किस तरह गन्ना मूल्य भुगतान के लिए किए गए वायदे पूरे नहीं हो रहे। लिखित आश्वासन भी कोरा कागज ही साबित हुआ। केसर मिल पर पिछले साल का करीब 146 करोड़ रुपया बकाया है, जबकि इस साल का भी 35 करोड़ रुपया मिल पर बाकी रह गया है। भाकियू गन्ना मूल्य भुगतान को लेकर कई बार धरना प्रदर्शन कर चुकी है। प्रशासनिक अधिकारीयों को ज्ञापन देकर शासन तक अपनी मांग पहुंचा चुकी है, लेकिन हर बार जल्द भुगतान कराने के आश्वासन की मीठी घुट्टी उनको पिला दी जाती है। इस स्थिति को लेकर किसान काफी नाराज थे और जॉइंट मजिस्ट्रेट को ज्ञापन देकर किसानों की हालत को समझने और जल्द भुगतान कराने की मांग की। ज्ञापन देने वालों में सुरेंद्र सिंह, चौधरी अजित सिंह, अमर पाल सिंह, दानिश खां व अजय आदि मुख्य थे। बाईपास से ट्रक यूनियन को जोड़ने वाली सड़क बनवाने की मांग: किसानों ने शहर को बाईपास से जोड़ने वाली सड़क का निर्माण कराने की मांग भी उठाई। किसानों ने कहा कि बाईपास पर शाहगढ से ट्रक यूनियन रोड़ को मिलाने वाली मुख्य सड़क की हालत बेहद खराब है। जिसका निर्माण होना चाहिए। शहर की तमाम समस्याओं को लेकर एक अलग ज्ञापन जॉइंट मजिस्ट्रेट इशिता कपूर को दिया। ज्ञापन में केसर क्रासिंग पर जाम को दूर करने के वैकल्पिक रास्ता बनाने और शहर में ट्रैफिक नियंत्रण के लिए ट्रैफिक पुलिस तैनात करने की मांग की।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *