खाना बनाते समय फटा कुकर, महिला व तीन बच्चे झुलसे

बरेली। चूल्हे पर खाना बनाते समय कुकर फटने से महिला और उसके तीन बच्चे झुलस गए। चारों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। महिला के पति का कहना है कि गैस की किल्लत होने के चलते चूल्हे पर खाना बनाने से कुकर फटा है। थाना कैंट क्षेत्र के नकटिया निवासी राम सिंह ने बताया कि शुक्रवार शाम उनकी पत्नी नन्ही देवी मिट्टी के चूल्हे पर उड़द-राजमा बना रही थी। बच्चे भी पास मे ही बैठे हुए थे। अचानक कुकर फट गया। जिससे बेटा कार्तिक, बेटी नेहा, देवांश और नन्ही देवी झुलस गए। हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और एंबुलेस की मदद से सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। हादसे में कार्तिक गंभीर रूप से झुलस गया है और उसका पूरा शरीर जल गया है। उसे जिला अस्पताल के बर्न वार्ड में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। वहीं नेहा, देवांश और नन्हीं देवी को हल्की चोटें आई है। राम सिंह ने बताया कि पिछले 10 दिनों से गैस सिलेंडर की किल्लत चल रही है। सिलेंडर बुक कराने के लिए लंबी लाइन में लगना पड़ता है। इसके बावजूद सिलेंडर नहीं मिल पा रहा था। मजबूरी मे उनकी पत्नी ने मिट्टी के दूल्हे पर खाना बनाना शुरू किया था। इसी दौरान यह हादसा हो गया। उन्होंने बताया कि वह मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते है।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *