बरेली। जाट सेंटर मे 11 से 23 मार्च तक चलने वाली अग्निवीर भर्ती को लेकर सारी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। जाट रेजीमेंट सेंटर का ग्राउंड दौड़ के लिए तैयार कर लिया गया है। मंगलवार को दिन में ही अभ्यर्थियों के बरेली पहुंचने के बाद शाम को ही उन्हें जाट रेजीमेंट सेंटर में प्रवेश दे दिया गया। 12 जिलों के अभ्यर्थियों के लिए अग्निवीर भर्ती रैली 11 मार्च से शुरू होकर 23 मार्च तक चलेगी। किसी भी अभ्यर्थी को दिक्कत न हो इसके मद्देनजर बरेली जंक्शन, बरेली सिटी, इज्जतनगर, पुराना बस स्टैंड और सेटेलाइट पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। बस स्टैंडों पर अतिरिक्त बसें रहेंगी और जंक्शन से जाटरेजीमेंट तक 16 ई-बसें चलेंगी। एआरएम के साथ-साथ आठ लोगों की डयूटी सेटेलाइट पर लगाई गई है। अग्निवीर भर्ती में प्रतिदिन एक हजार के आसपास अभ्यर्थी आयेंगे। भर्ती से एक दिन पहले ही अभ्यर्थी बरेली पहुंचेंगे। अगले दिन सुबह ही भर्ती केंद्र पर प्रवेश मिलेगा। जिन अभ्यर्थियों के लिए बुधवार को शामिल होना है। वे सभी देर रात तक बरेली पहुंच गये। जंक्शन, बरेली सिटी और इज्जतनगर स्टेशन पर आरपीएफ जीआरपी की संयुक्त टीमें प्लेटफार्मों पर लगा दी गईं। वहीं वेटिंग हाल, टिकट विंडो पर अतिरिक्त टीमें कामर्शियल विभाग ने लगाई है। आज 12 जिलों के 1094 अभ्यर्थी लगाएंगे दौड़ः अग्निवीर भर्ती रैली के पहले दिन मंगलवार को अग्निवीर (टेक्निकल) पद के लिए 1094 अभ्यर्थी दौड़ में शामिल होंगे। सुबह छह बजे से इनकी दौड़ शुरू होगी। ये अभ्यर्थी बरेली, बहराइच, बलरामपुर, श्रावस्ती, लखीमपुर खीरी, शाहजहांपुर, सीतापुर, संभल, पीलीभीत, हरदोई, फर्रुखाबाद और बदायूं जनपद के है। मंगलवार शाम से ही जाट रेजीमेंट सेंटर में इन्हें प्रवेश देना शुरू कर दिया गया है। इस बार सेना ने अभ्यर्थियों की सहूलियत के लिए ग्राउंड के पास ही रुकने, पीने के पानी, शौचालय व भुगतान करने पर भोजन को व्यवस्था भी की है। ट्रेन में सफर कर जैसे तैसे आये बरेलीः अग्निवीर भर्ती मे शामिल होने को संभल और बबराला के कई अभ्यर्थी जंक्शन पहुंचे। उनको जाटरेजीमेंट सेंटर जाना था। जंक्शन के बाहर ऑटो वालों से संपर्क किया। सेंटर तक पहुंचने के संबंध में जानकारी ली। सुमित, आयुष, सचिन, शिशु पाल, कालीचरन आदि ने बताया, बुधवार को सेंटर पर पहुंचना है। इसलिए रात कहीं रेस्ट हाउस या होटल में रुकेंगे।।
बरेली से कपिल यादव
