बरेली। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर कलेक्ट्रेट सभागार मे आयोजित कार्यक्रम मे उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं और होनहार छात्राओं को सम्मानित किया गया। इस दौरान लखनऊ मे इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान के जूपिटर हॉल मे मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में हुए कार्यक्रम का सजीव प्रसारण भी दिखाया गया। सांसद छत्रपाल सिंह गंगवार, मेयर डॉ. उमेश गौतम, जिला पंचायत अध्यक्ष रश्मि पटेल, राज्य महिला आयोग की सदस्य पुष्पा पाण्डेय, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व संतोष कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी नगर सौरभ दुबे, जिला प्रोबेशन अधिकारी मोनिका राणा, जिला कार्यक्रम अधिकारी मनोज कुमार ने महिलाओं को सम्मानित किया। जिला प्रोबेशन अधिकारी ने बालिकाओं एवं महिलाओं का स्वागत किया। महिला कल्याण विभाग की बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ, मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना (कोविड-सामान्य), मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना की जानकारी दी गयी। मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना (कोविड-सामान्य) के उन लाभार्थियों को सम्मानित किया गया। जिन्होंने कक्षा-10वीं व 12वीं मे 80 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त किये थे। 15 विकास खंडों मे से प्रत्येक ब्लॉक में बेहतर कार्य कर रही आंगनबाड़ी कार्यकत्री को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। सांसद ने कहा कि उन महिलाओं की कहानियों को आमजन तक पहुंचाया जाएगा, जो समाज की रुढ़ियों व पूर्वागृहों से संघर्ष कर खुद सफल जीवन यापन करने के साथ दूसरी महिलाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। मेयर ने शिक्षा का महत्व बताते हुए कहा कि छात्राएं समाज में शिक्षित होकर सशक्त समाज का निर्माण कर सकती हैं। जिला पंचायत अध्यक्ष एवं राज्य महिला आयोग की सदस्य ने महिला दिवस के उपलक्ष्य पर केक काटकर बालिकाओं को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के महत्व के विषय में जागरूक किया।।
बरेली से कपिल यादव
