बरेली। शहर मे सीएम ग्रिड योजना के तहत कोहाड़ापीर से धर्मकांटा चौराहे तक नगर निगम की ओर से चल रही अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई को लेकर व्यापारियों में नाराजगी बढ़ गई है। वर्षों पुरानी दुकानों के सामने बने हिस्सों को अतिक्रमण बताकर बुलडोजर चलाए जाने के विरोध मे व्यापारी अब खुलकर मैदान में उतरने की तैयारी कर रहे हैं। संयुक्त उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल के जिलाध्यक्ष के नेतृत्व मे व्यापारी सोमवार को नगर आयुक्त और एडीएम सिटी से मिलकर विरोध दर्ज कराएंगे। व्यापारियों का आरोप है कि कार्रवाई पूरी तरह पक्षपातपूर्ण तरीके से की जा रही है और जानबूझकर छोटे दुकानदारों को निशाना बनाया जा रहा है, जबकि बड़े अतिक्रमण पर कोई कार्रवाई नही की जा रही। व्यापारी अजय, शिव कपूर, मदन, सुमित का कहना है कि कोहाड़ापीर चौराहे पर बना बिजली विभाग का सब स्टेशन और पेट्रोल पंप खुद सड़क पर अतिक्रमण की स्थिति मे है। जिनकी वजह से सबसे ज्यादा जाम लगता है। इसके बावजूद इन पर कोई कार्रवाई नही की जा रही। उनका आरोप है कि नगर निगम सड़क चौड़ीकरण के नाम पर दशकों से कारोबार कर रहे दुकानदारों की रोजी-रोटी पर असर डाल रहा है। यदि प्रशासन ने इस मुद्दे पर गंभीरता नही दिखाई तो आंदोलन तेज किया जाएगा। व्यापारियों की मानें तो सुनवाई न होने पर वह नगर विकास मंत्री तक शिकायत लेकर जाएंगे।।
बरेली से कपिल यादव
