सीएम ग्रिड योजना के तहत सड़क चौड़ीकरण से पहले चला बुलडोजर, भड़के व्यापारी

बरेली। सीएम ग्रिड योजना के तहत कोहाड़ापीर से धर्मकांटा चौराहे तक शनिवार को अतिक्रमण के दौरान व्यापारियो हंगामा कर दिया। व्यापारियों का आरोप था कि विना किसी नोटिस के अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जा रही है। इस दौरान नगर निगम के अधिकारियों से तीखी नोक-झोंक हुई। हंगामा बढ़ने पर कार्रवाई को कुछ देर रोक कर व्यापारियों के साथ वार्ता के बाद पुनः कार्रवाई शुरू हुई और शाम पांच बजे तक जारी रही। पहले फेज मे दुकानों के आगे टीन शेड, पक्की स्लैब आदि पर बुलडोजर चलाया गया जबकि दूसरे फेज मे लाल निशान वाले अतिक्रमण पर बुलडोजर की कार्रवाई होगी। इसके लिए नगर निगम अधिकारियों ने अतिक्रमणकारियों को एक सप्ताह की मोहलत दी है। शनिवार को नगर निगम ने अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई कुदेशिया रोड से धर्मकांटे मार्ग पर शुरू किया। कार्रवाई के दौरान मौके पर बड़ी संख्या में दुकानदार और स्थानीय लोग इकट्ठा हो गए और उन्होंने विरोध जताया। दुकानदारों का कहना था कि उन्हें पर्याप्त समय नही दिया गया। जिससे उनका सामान और रोजगार प्रभावित हुआ है। नगर निगम अधिकारियों का कहना है कि सीएम ग्रिड योजना के तहत शहर की प्रमुख सड़कों को चौड़ा किया जा रहा है, ताकि यातायात व्यवस्था बेहतर हो सके और जाम की समस्या से राहत मिले। अधिकारियों ने बताया कि सड़क की जमीन पर बने सभी अतिक्रमण को हटाया जाएगा। कार्रवाई के दौरान पुलिस बल भी तैनात रहा ताकि किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो। विरोध के बावजूद निगम की टीम ने अभियान जारी रखते हुए कई दुकानों और अवैध निर्माण को हटाया। सहायक अभियंता मुकेश शाक्य का कहना है कि अतिक्रमण हटने के बाद सड़क चौड़ी होने से आम लोगों को आने-जाने में काफी सुविधा मिलेगी।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *