शाही, बरेली। जनपद के थाना शाही क्षेत्र मे सोमवार को शेरगढ़-शाही रोड पर एक ट्रक ने बाइक सवार दो ममेरे-फुफेरे भाइयों को रौंद दिया। हादसे मे सोनू और विशाल की मौत हो गई। दोनों युवक ट्रक के पहिये में फंस गए। दोनों युवक गांव डूंगरपुर से लौट रहे थे। पुलिस ने दोनों को अस्पताल भेजा। जहां एक युवक की रास्ते में और दूसरे की इलाज के दौरान मौत हो गई। सोमवार सुबह गांव डूंगरपुर निवासी सोनू (20) पुत्र जयपाल ममेरे भाई विशाल (20) पुत्र ओमकार निवासी कटरा थाना देवरनिया के साथ शेरगढ़ गया था। दोनों बाइक से शाही रोड से डूंगरपुर लौट रहे थे। बुझिया पेट्रोल पंप के पास शाही की तरफ से आए ट्रक से बाइक टकरा गया। हादसे के बाद चालक ट्रक लेकर भागा। जिससे बाइक और दोनों युवक ट्रक के नीचे आ गए। बाइक ट्रक के पहिये मे फंस गई। कुछ दूर पर चालक ट्रक को छोड़कर फरार हो गया। मौके पर भीड़ जुट गई। जिला अस्पताल जाते समय सोनू की रास्ते में मौत हो गई। विशाल ने इलाज के दौरान अस्पताल में दम तोड़ दिया। हादसे की सूचना गांव पहुंचते ही कोहराम मच गया। परिजनों ने बताया कि विशाल दो दिन पहले फूफा के घर डूंगरपुर आया था। सोमवार सुबह वह अपने फुफेरे भाई के साथ जा रहा था। पुलिस ने ट्रक को कब्जे मे ले लिया। शाही थानाध्यक्ष राजेश कुमार बैसला ने बताया कि तहरीर मिलने पर मुकदमा पंजीकृत किया जाएगा।।
बरेली से कपिल यादव
