बरेली देहात। महाशिवरात्रि पर गुलड़िया की गौरीशंकर सिद्ध पीठ पर हजारों श्रद्धालुओं और कांवड़ियों ने जलाभिषेक किया। यहां मेला लगागा गया। तहसील के अन्य मंदिरों और शिवालयों में भी भक्तों ने जलाभिषेक किया। रविवार को गौरीशंकर मंदिर के कापाट तड़के सुबह चार बजे भक्तों के लिए खोल दिए गए। इसके बाद जलाभिषेक करने वालों की लंबी लाइने लग गई। हरिद्वार और कछला से जाल लेकर पहुंचे कावड़ियों ने जलाभिषेक किया। मंदिर में पूजा करके पुजारी पंडित राम शुक्ला ने मंदिर के कपाट खोले, भक्तों ने जयकारों के साथ जलाभिषेक शुरू हो गया। एसडीएम विदुषी सिंह, एसपी साउथ अंशिका वर्मा, एडीएम पूर्णिमा सिंह, सीओ मीरगंज अजय कुमार ने व्यवस्थाओ का जायजा लिया। कैबिनेट मंत्री धर्मपाल ने परिवार सहित किया रुद्राभिषेक: प्रदेश के कैबिनेट मंत्री धर्मपाल सिंह ने अपने गांव गुलड़िया गौरी शंकर मंदिर में परिजनों के साथ रुद्राभिषेक किया।भमोरा। गांव कुडढा और खेड़ा मे महाशिवरात्रि पर ब्रद्धालुओं ने जलाभिषेक किया और खेड़ा मे मेला लगा। कुडडा मंदिर मे प्रधान आदेश यादव व उपनिरीक्षक अभिषेक मोहन ने मेले का उद्घाटन किया। मेले मे मनोरंजन के लिए नौटंकी, झूले, खिलौने आदि की दुकानें सजाई गई। रामनगर। गांव तिगरा खानपुर के शिवालय में जलाभिषेक के लिए भक्तों की खूब भीड़ जुटी। यहां भी दूरदराज से भक्तों ने आकर जलाभिषेक कर प्रसाद चढ़ाया। अलीगंज। मैनी और मझगवां में शिवालयों में जलाभिषेक के लिए भक्तों की भीड़ जुटी। भक्तों ने भोले बाबा की पूजा अर्चना की।बहेडी-देवरनियां। महाशिवरात्रि का पर्व नगर मे श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। प्रमुख शिवालयों में तड़के ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लग गई। श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक और पूजन-अर्चन कर भगवान शिव से सुख-समृद्धि और परिवार की खुशहाली की कामना की। इलाके में वातावरण हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयकारों से गूंज उठा। शाही। महाशिवरात्रि पर क्षेत्र में सुबह चार बजे से ही शिवालयों में जलाभिषेक करने को शिव भक्तों की लाइनें लगने लगीं। भोले के जयकारों से शिवालय गुंजायमान हो गए। रविवार को भोर से ही शाही के सिद्धबाबा मंदिर, ठाकुरद्वारा मंदिर, खिलौना बाबा मंदिर, जुन्हाई, फिरोजपुर, बीथम नौगवा, गौसगंज मकड़ी खीय, बहादुरपुर, मिर्जापुर आदि में श्रद्धालु जलाभिषेक करने पहुंच गए। क्षेत्र के सहोड़ा, बसई, जगदीशपुर, जोखनपुर, दुनका, गनेशपुर, सुल्तानपुर, धनेली आनंदपुर आदि में भी मंदिरों पर भीड़ उमड़ी रही। शीशगढ़। महाशिवरात्रि पर शीशगढ़ के मोहल्ला जाटवान के प्राचीन शिव मंदिर, भमसेन, मोहल्ला साहूकारा के शिव मंदिर, रामलीला मैदान के शिव मंदिर एवं मानपुर, कुतकपुर, बल्ली, बीसलपुर आदि गांवों में शिव भक्तों ने जलाभिषेक किया। कई मंदिरों पर भक्तों ने भांग की ठंडई का भोग लगाकर प्रसाद वितरित किया। मीरगंज। महाशिवरात्रि पर शिव भक्त रविवार को मंदिरों में उमड़ पड़े। शिव भक्तों ने शिवालयों में हर हर महादेव का उद्घोष कर ने दूध, दही, शहद, गंगा जल से जलाभिषेक किया। तहसील परिसर के राधाकृष्ण मंदिर, मढ़ी सत्याना, सिरौली चौराहा के पास स्थित शिव मंदिर, गायत्री मंदिर, धर्मशाला मंदिर, फूटेश्वर महादेव मंदिर, बिजली घर के नर्मदेश्वर महादेव मंदिर एवं बाईजी मां सिद्धपीठ पर महाशिव रात्रि पर लोगों की जलाभिषेक को लंबी लाइनें लगी रही। सुरक्षा को हर मंदिर पर पुलिस मुस्तैद रही। हाफिजगंज। शिवरात्री पर मंदिरों में सुबह से भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक करने के लिए बद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। शाम को गांव के प्राचीन बाजार वाले शिव मंदिर से झांकी निकाली गई, जो विभिन्न मार्गों से होकर वापस मंदिर पहुंचकर संपन्न हुई। झांकी का जगह-जगह पुष्प वर्षा कर स्वागत किया गया। नवाबगंज मे महाशिवरात्रि पर कस्बा शिवमय नजर आया। सुबह से ही विभिन्न मंदिरों में भक्तों ने हर-हर महादेव के जयघोष के बीच भगवान शिव का जलाभिषेक किया गया। श्रद्धालुओं ने कस्बे के श्री राधा कृष्ण मंदिर, विजौरिया शिव मंदिर ईध जागीर गांव के प्राचीन शिव मंदिर में पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। हिंदू जागरण एवं स्वाभिमान सुरक्षा समिति ने परिक्रमा यात्रा निकालते हुए कस्बे के मंदिरों में जलाभिषेक किया। यात्रा को संगठन के जिलाध्यक्ष अरुण कुमार फौजी ने झंडी दिखाकर रवाना किया। कार्यक्रम में संगठन के जिला उपाध्यक्ष हरिपाल, भाजपा महिला मोर्चा की जिला उपाध्यक्ष मीरा गंगवार पूर्व ब्लाक प्रमुख धर्मेन्द्र गंगवार उर्फ पिंटू, लेखराज गंगवार, अशफर्फीलाल गंगवार आदि लोग रहे। फरीदपुर। महाशिवरात्रि पर फरीदपुर, भुता और फतेहगंज पूर्वी क्षेत्र के शिवालयो में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। रविवार रात से ही मंदिरों में भक्तों की भीड़ जुटने लगी थी। हर-हर महादेव के जयकारों के साथ श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया। फतेहगंज पश्चिमी मे सुबह तड़के से ही विभिन्न गांवों और कस्बों के शिवालयों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। हर-हर महादेव के जयघोष के बीच भक्तों ने जल, दूध, बेलपत्र और धतूरा अर्पित कर भगवान शिव का विधिवत जलाभिषेक किया। राधाकृष्ण मंदिर, चौकी के पास शिव मंदिर, कांवड़िया मंदिर खिरका, कुरतरा शिव मंदिर, घुंघरू बाबा मंदिर सहित अन्य शिवालयों मे भक्तों का तांता लगा रहा। एएसपी आशुतोष शिवम ने कांवरिया मंदिर पर निरीक्षण कर जलाभिषेक किया।।
बरेली से कपिल यादव
