शॉर्ट सर्किट से घर में लगी आग, सारा सामान जलकर राख

बरेली/फतेहगंज पश्चिमी। थाना क्षेत्र के गांव थानपुर में बुधवार रात को शॉर्ट सर्किट से ट्रेन मैनेजर के बन्द घर में भीषण आग लग गई। आग इतनी भीषण थी कि घर में रखा सारा सामान, जरूरी दस्तावेज पूरी तरह नष्ट हो गया। जानकारी के अनुसार रामलखन पुत्र बाबूराम रेलवे विभाग में ट्रेन मैनेजर के पद पर बरेली में तैनात हैं। घटना के समय वे अपनी पत्नी सरोज के साथ शॉपिंग के लिए बरेली मार्केट गए हुए थे। घर में अचानक शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। घर बंद होने के कारण आग की जानकारी देर से हो सकी। गांव के लोगों द्वारा सूचना दिए जाने पर दंपति घर पहुँचे तो देखा कि आग ने विकराल रूप धारण कर लिया था। तत्काल फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई, जिसके बाद दमकल वाहन मौके पर पहुंचा और आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक घर में रखा सारा सामान जलकर राख हो चुका था। आग में बीमा पॉलिसी, वाहन की आरसी, जमीन से संबंधित कागजात, शैक्षिक प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, पैन कार्ड, बैंक पासबुक, एटीएम कार्ड, चेकबुक सहित कई महत्वपूर्ण दस्तावेज जल गए। इसके अलावा फ्रिज, वॉशिंग मशीन, कूलर, एसी, सीलिंग फैन, एलसीडी टीवी, मिक्सर, साउंड सिस्टम, फर्नीचर तथा सोने-चांदी के आभूषण समेत पूरा घरेलू सामान जलकर नष्ट हो गया। पीड़ित रामलखन द्वारा थाना फतेहगंज पश्चिमी मे लिखित तहरीर देकर शिकायत दर्ज कराई गई है। पुलिस ने मामले को दर्ज कर लिया है।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *