बरेली। यूपी बोर्ड के इंटरमीडिएट प्रयोगात्मक परीक्षा केंद्रों का गुरुवार को डीआईएएस डॉ. अजीत कुमार ने निरीक्षण किया। इस दौरान केंद्रों पर परीक्षकों की आईडी और उत्तर पुस्तिकाओं की भी जांच की। डीआईओएस ने बताया कि जिले में कुल 114 केंद्रों पर प्रयोगात्मक परीक्षाएं हुईं, इनमें कुल 1203 बालक और 6102 बालिकाओं ने प्रतिभाग किया। बताया कि उन्होंने बरेली इंटर कॉलेज, महावीर प्रसाद कन्या इंटर कॉलेज, साहू गोपीनाथ कन्या इंटर कॉलेज और आदर्श कृष्णा इंटर कॉलेज में परीक्षाओं का जायजा लिया। बरेली कॉलेज में भौतिक विज्ञान के 42, साहू गोपीनाथ कन्या इंटर कॉलेज मेंरसायन विज्ञान के 81, महावीर प्रसाद कन्या इंटर कॉलेज में गृह विज्ञान के 81 और आदर्श कृष्णा इंटर कॉलेज में भौतिक विज्ञान के 88 परीक्षार्थी पंजीकृत मिले। परीक्षकों की आईडी भी देखी गई। वहीं डीएम की ओर से नामित छह सेक्टर मजिस्ट्रेट और 36 पर्यवेक्षणीय अधिकारियों ने भी क्षेत्रों में भ्रमण कर निरीक्षण किया।।
बरेली से कपिल यादव
