देवरनियां, बरेली। बाइक से जा रहे दो दोस्तों को एक अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी जिससे दोनों गंभीर रुप से घायल हो गए। दोनों की उपचार के दौरान अस्पताल में मौत हो गई है। अज्ञात वाहन का पता नही लग सका है। जानकारी के अनुसार पीलीभीत के गजरौला निवासी लीलाधर, इज्जतनगर में रेलवे में कर्मचारी है। उनका 22 वर्षीय बेटा सौरभ देवरनियां थाना क्षेत्र के गांव हिस्मा निवासी रामबाबू उर्फ कडेराम का बेटा दिनेश (18) दोनों दोस्त थे। सौरभ मंगलवार को दिनेश के पास हिस्सा आया था। दोनों शाम के वक्त एक ही बाइक से सेमीखेड़ा की तरफ जा रहे थे। सेमीखेड़ा-बरौर रोड पर गांव ढकिया के पास किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। जिसमें दोनों गंभीर रुप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंचे परिजनों ने दोनों को बरेली के एक निजी अस्पताल ले गए। जहां पर गुरुवार को इलाज के दौरान दोनों की मौत हो गई। दोनों की मौत से उनके परिवार में कोहराम मच गया। अस्पताल से सूचना मिलने पर देवरनियां पुलिस ने दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराया है। लोगों ने बताया कि दिनेश फोटोग्राफी का काम करता था। दोनों आपस में गहरे मित्र थे। दिनेश तीन भाई-बहनों में सबसे छोटा था, एक बहन की शादी हो चुकी है और दूसरा भाई अविवाहित है। अज्ञात वाहन का सुराग नही लग सका है। पुलिस वाहन की खोज में आसपास के सीसीटीवी खंगाल रही है।।
बरेली से कपिल यादव
