लखनऊ। उत्तर प्रदेश प्राथमिक शिक्षामित्र संघ ने शिक्षामित्रों की मानदेय वृद्धि, स्थानांतरण व कैशलेश चिकित्सा सुविधा न मिलने पर नाराजगी जताई है। साथ ही दिसंबर में तबादला आदेश जारी न होने पर पांच जनवरी को निदेशालय के घेराव की चेतावनी दी है। संघ की दारुलशफा मे रविवार को हुई बैठक मे प्रदेश अध्यक्ष शिवकुमार शुक्ला व महामंत्री सुशील कुमार ने आर्थिक समस्या से जूझ रहे शिक्षामित्रों की मानदेय वृद्धि न करने पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि आर्थिक संकट दूर करने के लिए मुख्यमंत्री ने जो घोषणा की है। उसको जल्द अमल में लाया जाना चाहिए। स्थानांतरण की प्रक्रिया शुरू की जानी चाहिए। वहीं जिलाध्यक्षों ने कहा कि शिक्षामित्रों को सरकार द्वारा सौंपे गए सभी कार्यों को वे बखूबी निभा रहे हैं। एसआईआर जैसा महत्वपूर्ण काम शिक्षामित्र भी कर रहे हैं। कैशलेस योजना की घोषणा मुख्यमंत्री द्वारा की गई थी। अभी तक कोई आदेश जारी नही हुआ है। प्रदेश महामंत्री सुशील कुमार ने कहा कि यदि दिसंबर में विभाग द्वारा स्थानांतरण का आदेश जारी न किया गया तो 5 जनवरी को पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के जन्मदिन पर निदेशालय का घेराव करने को शिक्षामित्र मजबूर होंगे। संगठन कोषाध्यक्ष के रिक्त पद पर राजेंद्र सिंह पचेरा को सर्वसम्मति से नियुक्त किया गया एवं प्रदेश उपाध्यक्ष के पद पर अजय सिंह को जिम्मेदारी दी गई। बैठक मे प्रदेश अध्यक्ष शिवकुमार शुक्ला, सुशील यादव, श्याम लाल यादव, कौशल कुमार सिंह, शैलेश यादव, राजेंद्र सिंह पचेरा, बशीम अहमद, अजीत कुमार सहित प्रदेश पदाधिकारी मंडल अध्यक्ष एवं जिलाध्यक्ष शामिल हुए।।
बरेली से कपिल यादव
