नवाबगंज, बरेली। जनपद के थाना नवाबगंज पुलिस ने पीलीभीत हाईवे स्थित ओम सिटी कॉलोनी मे हुई महिला की हत्या का शनिवार को खुलासा कर दिया। महिला की हत्या पति व देवर ने उसके शक से परेशान होकर और दहेज मे कार की मांग पूरी न होने पर की थी। पुलिस ने पति, देवर, सास व ससुर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। नवाबगंज की ओम सिटी कॉलोनी निवासी 21 वर्षीय अनीता की मंगलवार को घर मे गला काटकर हत्या कर दी गई थी। शव के पास ही खून से सना हसिया पड़ा था। इस मामले मे मृतका के भाई कृष्णपाल ने पति अनिल, ससुर जमुना प्रसाद, सास भगवान देई, देवर सचिन व चचिया ससुर महेश कुमार पर दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए थाना नवाबगंज मे मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस ने शनिवार को इन सभी को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया। सीओ नीलेश मिश्र ने बताया कि पति अनिल और देवर सचिन ने अनीता की हसिया से गला काटकर हत्या की थी। नाश्ता करने के बाद सुबह आठ बजे सचिन ने अनीता के हाथ पकड़े और पति अनिल ने हंसिये से गला काट दिया। पूछताछ मे अनिल ने बताया कि उसने अनीता से लव मैरिज की थी। जिसके चलते दहेज नही मिला और उसके परिवार वाले इस शादी के विरोध मे थे। इस वजह से कभी-कभी पत्नी से उसका विवाद हो जाता था। मगर पत्नी उस पर शक भी करती थी। जिसके चलते रोज विवाद होता था। इससे परेशान होकर दोनों भाइयों ने उसकी हत्या कर दी। सुबह आठ पर हत्या करने के बाद दोनों भाई घर से निकल गए थे। पुलिस ने जब अनिल व अनीता की कॉल डिटेल चेक की तो सामने आया कि रोजाना दोनों के बीच 15-20 बार बात होती थी लेकिन घटना वाले दिन एक बार भी बात नही हुई। शाम को अनिल काम से घर लौटा और दरवाजे पर ताला लगा देखकर भी अनीता को कॉल नही की। इसके बजाय कुछ दूरी पर रहने वाले एक व्यक्ति बुलाकर लाया तो उसके सामने ताला तोड़ दिया ताकि खुद को बेगुनाह बता सके। पुलिस के इस सवाल मे वह फंस गया और हत्या कबूल कर ली।।
बरेली से कपिल यादव
