बरेली। जिले भर में श्रद्धा और उल्लास के साथ भाई दूज पर्व मनाया गया। बहनों ने भाइयों का तिलक कर उनकी लंबी उम्र और सुख-समृद्धि के लिए प्रार्थना की। उनसे रक्षा का वचन लिया। भाइयों ने भी बहनों को उपहार देकर उनसे आशीर्वाद लिया। मिठाई और परचून की दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ दिखी। दिनभर बाजार गुलजार रहा। गुरुवार सुबह ही बहनों का भाइयों के घरों पर पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। आयुष्मान, शिवावास योग में घरों में पूजन किया गया। बहनों ने भाइयों का तिलक किया। शहर में मिठाई और गोले की पूरे दिन बिक्री होती रही। गोला चार से पांच सौ रुपये किलो तक बिका। भाइयों ने उपहार खरीदकर बहनों को भेंट किए। इस दौरान लोग उत्साहित नजर आए। वही बरेली के बारादरी क्षेत्र के रोहली टोला निवासी राजकिशोर कश्यप की बेटी राखी कश्यप ने गुरुवार को भाईदूज के मौके पर अपने मुंहबोले भाई शारिक अब्बासी के साथ भाईदूज पर्व मनाया। शारिक ने बताया कि वह राखी कश्यप से 11 वर्षों से रक्षाबंधन व भाईदूज पर टीका करा रहे है।।
बरेली से कपिल यादव

 
	