बरेली। जनपद मे गुरुवार को मौसम ने करवट बदली। शाम को बादल मंडराने के बाद अनुकूल मौसम बना। इससे शहर में कई जगह आधा घंटे झमाझम वर्षा हुई। इसके बाद हल्की फुहारों के बीच नीले आसमान में इंद्रधनुष रंग बिखरते नजर आया। मौसम विभाग ने आगामी दिनों में आसमान साफ रहने की संभावना जताई है। शहर में कई दिनों से हो रही उमसभरी गर्मी से वर्षा ने कुछ हद तक निजात दिलाई। बृहस्पतिवार को अधिकतम तापमान 31.6 और न्यूनतम पारा 24.6 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं, बीते 24 घंटों में 3.5 एमएम वर्षा दर्ज की गई। शाम चार बजे झमाझम वर्षा शुरू हुई, जिससे मौसम सुहाना बन गया। आधा घंटे हुई वर्षा के बाद शहरवासियों के लिए इंद्रधनुष आकर्षण का केंद्र बना। इस मनोरम दृश्य को लोग कैमरे में कैद करते नजर आए। शहर के सुभाषनगर, चंद्रपुरम, बालाजी नगर, बीडीए कालोनी, मढ़ीनाथ, शांति विहार, नेकपुर आदि क्षेत्रों में जलभराव होने से राहगीरों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा। सबसे खराब स्थिति सुभाषनगर पुलिया की रही। नाले से आ रहे बदबूदार पानी और अव्यवस्थाओं ने वर्षा होने के आनंद में खटास डालने का काम किया। मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को वर्षा होने की संभावना है। इसके बाद 20 सितंबर के बाद आसमान साफ रहने के आसार है।।
बरेली से कपिल यादव