बरेली। सरकारी विभागों मे भ्रष्टाचार से त्रस्त भारतीय किसान यूनियन अराजनैतिक के पदाधिकारियों ने सोमवार को कमिश्नरी पहुंचकर प्रदर्शन किया। उन्होंने पंचायत कर पुलिस और प्रशासन को जमकर घेरा। मंडल के बदायूं, बरेली, पीलीभीत और शाहजहांपुर जिलों से पहुंचे किसानों ने अलग-अलग विभागों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि अपनी समस्याएं सिर्फ कमिश्नर को बताएंगे। कमिश्नर के नहीं आने पर किसानों ने रात भर धरने की चेतावनी दी। इस पर कमिश्नर सौम्या अग्रवाल ने भाकियू के एक प्रतिनिधिमंडल को कार्यालय में बुलाकर वार्ता की। इस दौरान मुख्यमंत्री को संबोधित 17 सूत्री मांगपत्र कमिश्नर को सौंपा। कमिश्नर ने अधिकांश मांगों पर कार्रवाई का आश्वासन दिया। जिसके बाद शाम करीब 5 बजे किसान नेता कमिश्नर के समझाने पर मान गए और वापस लौट गए। किसानों ने चेतावनी दी यदि समस्याओं का समाधान नही हुआ तो 1 जुलाई से मंडल की सीमाएं बंद कर दी जाएंगी। पिछले सप्ताह भाकियू के मंडल अध्यक्ष अरुण राठी ने मंडल के सभी जिलों के पदाधिकारियों से कमिश्नरी मे पंचायत करने की घोषणा की थी। इसी के तहत सोमवार सुबह करीब 11 बजे से ही किसानों का कमिश्नरी में पहुंचना शुरू हो गया। मंडल अध्यक्ष अरुण राठी ने कमिश्नर को बताया कि हर विभाग मे भ्रष्टाचार अपनी चरम सीमा पर है। गरीब और हाशिए पर खड़े किसानों की कही कोई सुनवाई नही हो रही है। बदायूं जिले के वजीरगंज थाना क्षेत्र के गांव मुड़िया सतासी निवासी हरिराम न्यायालय से मुकदमा जीत चुके हैं, बावजूद इसके पुलिस और प्रशासनिक अफसर उसकी जमीन पर कब्जा नही दिला रहे है। बहेड़ी की केसर शुगर मिल पर बकाया गन्ना किसानों का भुगतान, धान की रोपाई के समय डीएपी और एनपी खाद की भारी किल्लत को लेकर रोष जताया। इसी के साथ फतेहगंज पश्चिम के किसानों ने आरोप लगाया कि वैध कनेक्शन के बावजूद बिजली विभाग ने उनके खिलाफ फर्जी मुकदमे दर्ज कर जुर्माना लगाया है। वहीं, फतेहगंज ब्लॉक के रसूला चौधरी गांव में भूमि विकास बैंक की ओर से किसानों पर लोन की रकम से 10 गुना वसूली का आरोप लगाया गया। मीरगंज तहसील के होसेपुर गांव मे धारा 67 लगाकर की गई आरसी की जांच, कानूनगो और लेखपाल पर छात्र योगेंद्र कुमार का ईडब्लूएस प्रमाणपत्र न बनाने का आरोप लगाया। वहीं पीलीभीत की कलिनगर तहसील में 181 एकड़ सीलिंग की जमीन पर भू-माफियाओं द्वारा कब्जा किए जाने का मुद्दा भी पंचायत में उठा। इस दौरान राष्ट्रीय उपाध्यक्ष महेंद्र सिंह रंधावा, प्रदेश उपाध्यक्ष मंजीत सिंह, जिलाध्यक्ष तेजपाल गंगवार, जिलाध्यक्ष पीलीभीत मंजीत सिंह, जिलाध्यक्ष शाहजहांपुर संदीप सिंह, जिलाध्यक्ष बदायूं रामचन्द्र, अंकित गंगवार आदि मौजूद रहे।।
बरेली से कपिल यादव