बरेली। जिले का मौसम शनिवार को एक बार फिर बदल जाएगा। मौसम विभाग ने गुरुवार और शुक्रवार को दो दिन हीटवेव और शनिवार से चार दिन बादल छाए रहने और बारिश की भविष्यवाणी की है। इससे लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 44 डिग्री तक पहुंचने के आसार है। बुधवार को सुबह से ही गर्मी सताने लगी। मौसम विभाग ने 15 व 16 मई को हीट वेव चलने का येलो अलर्ट जारी किया है। साथ ही, पारा 45 डिग्री सेल्सियस तक जाने का पूर्वानुमान जताया है। मौसम विशेषज्ञ अतुल कुमार सिंह ने बताया कि बीते 48 घंटों में तापमान बढ़ा है। अगले दो-तीन दिनों में पारे में सात डिग्री तक बढ़ोतरी हो सकती है। मौसम में नमी बहुत कम हो गई है। बरेली व आसपास के जिलों में फिलहाल अभी गर्मी से राहत मिलने वाली नही है। बुधवार को दिन की शुरुआत तेज धूप से हुई। दोपहर मे तेज हवाएं चलने से लोग गर्मी से बेहाल हो गए। घर से बाहर निकले बाइक सवारों को भी काफी दिक्कत हुई। अधिकतम तापमान 38.3 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान सामान्य से 1.1 डिग्री सेल्सियस अधिक 25.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इस दौरान पश्चिम से पूर्व की तरफ के लिए 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चली। वहीं हवा में नमी सुबह 50 प्रतिशत और शाम को 40 प्रतिशत दर्ज की गई। आंचलिक मौसम केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक डॉ. अतुल कुमार सिंह ने बताया कि गुरुवार को अधिकतम तापमान 42 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री दर्ज होने का अनुमान है। वही शुक्रवार को हीट वेव का अलर्ट है और अधिकतम तापमान 44 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस दर्ज होगा। उन्होंने बताया कि दक्षिण पश्चिम मानसून बंगाल की खाड़ी तक पहुंच गया है। इसका असर पश्चिम उत्तर प्रदेश में भी देखने को मिलेगा। बरेली में इसके असर से ही 17 मई से 20 मई तक बारिश का पूर्वानुमान जताया गया है। इस दौरान औसतन अधिकतम तापमान में तीन डिग्री की गिरावट के साथ 38 डिग्री जबकि न्यूनतम तापमान 27 डिग्री तक दर्ज होने का पूर्वानुमान जताया गया है।।
बरेली से कपिल यादव