बियर पीने के शौक के लिए बने लुटेरे, पुलिस ने तीन को किया गिरफ्तार, भेजा जेल

बरेली। बियर के शौक ने पहले लड़कों को होटलों पर बरतन मंजवाए। इतने पर भी शौक पूरा नही हुआ तो वह लुटेरे बन गए। राह चलते लोगों के मोबाइल, कुंडल और सोने की चेन लूटने लगे। बिथरी चैनपुर पुलिस ने लुटेरों के गैंग का पर्दाफाश कर तीनों को गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से बाइक और लूटा गया मोबाइल बरामद किया गया है। इंस्पेक्टर बिथरी अश्वनी कुमार सिंह ने बताया कि दो अप्रैल को उनके क्षेत्र से आरबी नगर के रहने वाले महफूज का बदमाश मोबाइल लूट ले गए थे। महफूज मोबाइल को कान पर लगा कर बात कर रहे थे। इसी दौरान पीछे से आए लड़के उनका मोबाइल लूटकर फरार हो गए थे। मामले मे थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया था। रविवार को चेकिंग के दौरान डोहरिया मोड़ पर पुलिस ने एक बाइक पर बैठे तीन लड़कों को रोकने की कोशिश की। उन्होंने गाड़ी दौड़ा दी। पीछा कर नवदिया झादे के पास गाड़ी को पकड़ लिया। इसमें बन्नूबाल नगर कॉलोनी के रहने वाले हरिओम पुत्र भगवानदास, इज्जतनगर के मुंशीनगर संभव हॉस्पिटल के पास रहने वाले राहुल यादव और गैंग लीडर गौरव पुत्र डोरीलाल को गिरफ्तार कर उनसे पूछताछ की गई। उन्होंने मोबाइल लूट की घटना स्वीकार कर ली। उनके पास से मोबाइल बरामद किया गया है। आरोपियों को गिरफ्तार करने के बाद कोर्ट में पेश किया गया। जहां से उन्हें जेल भेज दिया। तीनों बदमाशों ने बदायूं के दातागंज से बाइक यूपी 24 एडी 1322 स्प्लेंडर चोरी की थी। दातागंज थाने मे इसका मुकदमा दर्ज है। चोरी की बाइक से तीनों बदमाश लूट की घटनाओं को अंजाम दे रहे थे। पीलीभीत बाईपास से लेकर इज्जतनगर, बिथरी, बारादरी, भोजीपुरा समेत कई क्षेत्रों में बदमाशों ने लूट और झपट्टा मारने की घटनाओं को अंजाम दिया है।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *